@ पटना बिहार
बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरें…
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को बिहार संग्रहालय, पटना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अध्ययन केन्द्र, दीर्घा, बाल दीर्घा, वन्य जीव, विभिन्न राजवंशों के इतिहास सहित सिक्के, मूर्ति एवं अन्य अवशेषों का बारीकी से अवलोकन कर विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि संस्कृति और विरासत बिहार की पूंजी रही है।

मुख्यमंत्री ने प्रदर्शों को ठीक ढंग से सुरक्षित रखने की पूरी व्यवस्था करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बिहार के समृद्ध इतिहास की जानकारी नई पीढ़ी को मिले इसके लिए अंतर्राष्ट्रीय स्तर का बिहार संग्रहालय बनाया गया है।

आज विज्ञान भवन, नई दिल्ली में महामहिम राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने मोतिहारी के जिलाधिकारी शीर्षत कपिल अशोक को जल संरक्षण एवं प्रबंधन क्षेत्र में अनुकरणीय कार्य हेतु सम्मानित किया। इनके दिशा-निर्देशन में जिले में जल संरक्षण एवं प्रबंधन क्षेत्र में बेहतर कार्य किए गए हैं।

इस मौके पर महामहिम राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने गया के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम को भी नेशनल वॉटर अवार्ड से सम्मानित किया।

बेगूसराय के जिलाधिकारी अरविंद कुमार वर्मा ने मोहनपुर एवं चांदपुरा गांव में विकासात्मक योजनाओं की कार्य प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।

नवादा के जिलाधिकारी यशपाल मीणा ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक की। उन्होंने संबंधित सभी अधिकारियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने हेतु कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।

नालंदा के जिलाधिकारी शशांक शुभंकर ने नल-जल, सुखाड़, गर्म हवा एवं लू से बचाव हेतु वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की एवं आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।

मुंगेर के जिलाधिकारी नवीन कुमार ने भूमि विवाद एवं मद्य निषेध विभाग की समीक्षा बैठक की। उन्होंने प्रत्येक शनिवार को अनिवार्य रूप से थानावार बैठक करने का निर्देश दिया।

मधुबनी के जिलाधिकारी अमित कुमार ने राज्य स्तरीय विद्यालय बैडमिंटन खेल प्रतियोगिता 2021-22 का शुभारंभ किया। बिहार के कुल 38 जिलों से लगभग 450 खिलाड़ी शामिल हो रहे हैं।