@ पटना बिहार
बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरें…
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को नालंदा विधानसभा क्षेत्र के भ्रमण के पश्चात सालेपुर-तेलमर पथ के चौड़ीकरण कार्य की जानकारी ली।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुये कहा कि इस पथ के चौड़ीकरण का कार्य जल्द पूर्ण करें और इसे बिहटा-सरमेरा पथ से सालेपुर मोड़ के पास लिंक करें।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सम्राट अशोक की जयंती के अवसर पर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।उन्होंने ट्वीट कर कहा कि अगले वर्ष से सम्राट अशोक की जयंती राजकीय समारोह के रूप में मनाया जाएगा।

पटना के जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने रामनवमी एवं चैती दुर्गा पूजा के अवसर पर विधि-व्यवस्था बनाये रखने हेतु सम्बंधित पदाधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि भीड़ नियंत्रण हेतु लगभग 324 स्थानों पर दण्डाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को प्रतिनियुक्त किया गया है।

पूर्णिया के जिला पदाधिकारी राहुल कुमार की अध्यक्षता रामनवमी पर्व को लेकर जिला शांति समिति की बैठक हुई। उन्होंने लोगों से सौहार्द्रपूर्ण माहौल में शोभायात्रा निकालने की अपील की।

नवादा के जिलाधिकारी यशपाल मीणा और पुलिस अधीक्षक सु डी.एस. सावलाराम ने संयुक्त रूप से वारिसलीगंज और पकरीवरावां थाना में शांति समिति के सदस्यों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की। उन्होंने रामनवमी का त्यौहार शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की।

सारण के जिलाधिकारी राजेश मीणा एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने संयुक्त रूप से रामनवमी पर्व के अवसर पर विधि-व्यवस्था संधारण के संबंध में समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को यह पर्व शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु महत्वपूर्ण निर्देश दिया।

मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन के समन्वय से एईएस और चमकी बुखार पर प्रभावी नियंत्रण हेतु पंचायत स्तर पर सघन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।