बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरें…

Share News

@ पटना बिहार

बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरें…

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बिहार दिवस, 2023 के अवसर पर राज्य के सभी निवासियों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने अपनी शुभकामना संदेश में कहा कि भगवान महावीर, भगवान बुद्ध और गुरु गोविंद सिंह जी से जुड़ी यह गौरवमयी धरती, लोकतंत्र की जननी भी है। बिहार के परिश्रमी व प्रतिभावान लोग विकास और समृद्धि की नई गाथाएं लिखेंगे, यह मेरा दृढ़ विश्वास है।
 
👉 प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बिहार दिवस, 2023 के अवसर पर राज्य के अपने सभी भाई-बहनों को बहुत-बहुत बधाई दी। उन्होंने कहा कि अपने समृद्ध इतिहास और जीवंत संस्कृति के लिए प्रसिद्ध बिहार के लोग देश के विकास के लिए हर क्षेत्र में अतुलनीय योगदान दे रहे हैं। अपनी लगन और कठिन परिश्रम से उन्होंने एक विशेष पहचान बनाई है।
 
👉 राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ अर्लेकर ने बिहार दिवस, 2023 एवं चैत्र नवरात्र के अवसर पर सभी बिहारवासियों एवं प्रवासी बिहारियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि आइए, बिहार के गौरव को अक्षुण्ण रखते हुए इस राज्य एवं देश के समग्र विकास में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देने का संकल्प लें। साथ ही महामहिम राज्यपाल ने चैत्र नवरात्र पर भी समस्त प्रदेशवासियों को बधाई दी।

 
👉 मुख्यमंत्री ने बिहार दिवस, 2023 के अवसर पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने अपने बधाई संदेश में कहा कि बिहार का इतिहास गौरवशाली है और हम वर्तमान में अपने निश्चय से बिहार का गौरवशाली भविष्य तैयार कर रहे हैं। विकसित बिहार के सपने को साकार करने में भागीदारी के लिए मैं आप सभी का आह्वान करता हूं। हम सब मिलकर बिहार के गौरव को बढ़ाएंगे। साथ ही मुख्यमंत्री ने चैत्र नवरात्र की हार्दिक शुभकामनाएं दी। उन्होंने राज्य में सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
 
👉  नीतीश कुमार के कर-कमलों द्वारा बिहार दिवस, 2023 के समारोह का उद्घाटन किया गया। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव, शिक्षा मंत्री प्रो. चंद्रशेखर समेत कई विभागीय मंत्रीगण मौजूद रहे। गांधी मैदान, पटना में आयोजित बिहार दिवस समारोह में राज्य सरकार के विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। मालूम हो कि बिहार दिवस समारोह का आयोजन 22 से 24 मार्च तक किया जाएगा।
 
👉 मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इंटर की परीक्षा में सफल होने वाले तमाम छात्र-छात्राओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि इस बार कला, विज्ञान एवं वाणिज्य तीनों संकायों में छात्राओं ने टॉप किया है। मुख्यमंत्री ने छात्राओं के इस प्रदर्शन पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि इसके लिए छात्राओं के साथ ही उनके अभिभावक भी बधाई के पात्र हैं। छात्राओं की यह उपलब्धि महिला सशक्तिकरण का बड़ा उदाहरण है। उन्होंने सभी सफल छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
 
👉 नवादा की जिलाधिकारी उदिता सिंह की अध्यक्षता में आगामी चैती छठ एवं रामनवमी पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक हुई। उन्होंने शांतिपूर्वक एवं सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने की अपील की।
 
👉 सहरसा के जिलाधिकारी आनंद शर्मा की अध्यक्षता में सात निश्चय योजना की समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश दिये।
 
👉 बेगूसराय के जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने आज पंचायती राज विभाग की समीक्षा बैठक की। उन्होंने योजनाओं से जुड़े लंबित कार्यों के निष्पादन में गति लाने के निर्देश दिये।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

LIVE OFFLINE
track image
Loading...