Share News
@ चंडीगढ़ हरियाणा
ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल से शिष्टाचार मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने ब्लेयर का गर्मजोशी के साथ
स्वागत किया। इस दौरान स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं जैसे विषयों पर परस्पर सहयोग करने और नई संभावनाओं को तलाशने पर चर्चा हुई।

ब्लेयर ने मुख्यमंत्री को आश्वासन दिया कि उनकी संस्था टोनी ब्लेयर फेथ फाउंडेशन हरियाणा में स्वास्थ्य क्षेत्र में सहयोग करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि टोनी ब्लेयर फेथ फाउंडेशन के सहयोग से प्रदेश में स्वास्थ्य क्षेत्र में और विस्तार होगा तथा स्वास्थ्य सुविधाएं सुदृढ़ होंगी।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार हर जरूरतमंद को स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया करवा रही है। लोगों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए सरकार द्वारा आयुष्मान भारत तथा चिरायु हरियाणा योजना चलाई जा रही है। प्रदेश के सभी जिलों में एक-एक मेडिकल कॉलेज और नर्सिंग कॉलेज खोला जा रहा है।