Share News
@ शिमला हिमाचल
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के नेतृत्व वाली राज्य सरकार अपनी कड़ी मेहनत, समर्पण और राज्य के कल्याण को सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता के साथ यह भी सुनिश्चित कर रही है कि हिमाचल प्रदेश विकास के मामले में देश के अग्रणी राज्य के रूप में उभरे। यह सब केंद्र और राज्य में डबल इंजन सरकारों के कारण सम्भव हो पाया है।

यह बात सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने हाल ही में देश के चार राज्यों में सम्पन्न हुए विधानसभा चुनावों में भाजपा को मिली विशाल जीत के बाद आज कांगड़ा जिले के नगरोटा बगवां में उनके सम्मान में आयोजित अभिनंदन रैली को संबोधित करते हुए कही।जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अन्तर्गत राज्य के 9.37 लाख किसानों को 6000 रुपये प्रति वर्ष प्रदान किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों के दौरान राज्य में जल जीवन मिशन के अन्तर्गत 8.37 लाख से अधिक पानी के कनेक्शन प्रदान किए गए, जबकि पिछले 40 वर्षों के दौरान राज्य में केवल 8 लाख पानी के कनेक्शन ही दिए गए। उन्होंने कहा कि हिमकेयर योजना के अन्तर्गत 5.40 लाख से अधिक और सहारा योजना के तहत 18,000 से अधिक मरीज़ों को पंजीकृत किया गया है।
जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने समाज के कमज़ोर वर्गों और कल्याणकारी लाभों से वंचित लोगों को सभी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया है। जिसके फलस्वरूप चार राज्यों में भाजपा की जीत सुनिश्चित हुई।उन्होंने कहा कि 37 वर्षों के बाद कोई भी सरकार उत्तर प्रदेश में पुनः सत्ता में आने में सफल हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस उम्मीदवारों को 389 सीटों तथा आम आदमी पार्टी के उम्मीदवारों को चुनाव लड़ने वाली सभी 377 सीटों पर अपनी ज़मानत गंवानी पड़ी। उन्होंने कहा कि पहली बार कोई सरकार उत्तराखंड में अपनी सरकार को दोहराने में सफल हुई है। उन्होंने कहा कि मणिपुर में पहली बार भाजपा ने अपने बूते पर जीत सुनिश्चित कर सरकार बनाई है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश का सौभाग्य है कि धरती पुत्र जगत प्रकाश नड्डा विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल का नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लगभग हर पार्टी कार्यकर्ता की भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ कार्य करने की मधुर स्मृतियां है। उन्होंने कहा कि एक विनम्र पृष्ठभूमि का सामान्य व्यक्ति दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी का नेतृत्व कर सकता है, यह केवल भाजपा में ही संभव है, क्योंकि अन्य सभी दल एक विशेष परिवार या क्षेत्र तक ही सीमित हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का वर्तमान कार्यकाल उपलब्धियों से परिपूर्ण रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना, सहारा योजना, हिमकेयर, शगुन योजना आदि योजनाएं समाज के कमजोर वर्गों के लिए वरदान साबित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान सामाजिक सुरक्षा पेंशन पर व्यय किए गए 400 करोड़ रुपये की तुलना में वर्तमान राज्य सरकार इस पर 1300 करोड़ रुपये से अधिक व्यय कर रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश के विद्युत उपभोक्ताओं को 125 यूनिट बिजली मुफ्त और राज्य की महिलाओं को एचआरटीसी बसों में यात्रा पर बस किराए में 50 प्रतिशत की छूट देने का भी निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों के घरेलू जल उपभोक्ताओं को निःशुल्क पानी उपलब्ध करवाने का भी निर्णय लिया है।
नगरोटा बगवां के विधायक अरुण कुमार ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर का अपने गृह क्षेत्र में पहुंचने पर स्वागत किया।सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री सरवीन चौधरी, वन, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री राकेश पठानिया, सांसद किशन कपूर, राज्यसभा सांसद इंदु गोस्वामी, सहप्रभारी संजय टंडन, सुंदरनगर के विधायक राकेश जम्वाल, संगठन महामंत्री पवन राणा, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार त्रिलोक जम्वाल, विधायक, भाजपा नेता, विभिन्न अग्रणी संगठनों के महासचिव, विभिन्न बोर्डों और निगमों के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष इस अवसर पर उपस्थित थे।