Share News
@ शिमला हिमाचल
जय राम ठाकुर ने हमीरपुर जिले के अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान बड़सर विधानसभा क्षेत्र के बिझड़ी में लगभग 265 करोड़ रुपये की 21 विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किये।

मुख्यमंत्री ने बिझड़ी में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान राज्य सरकार का चार वर्ष का कार्यकाल कोविड महामारी के कारण लगभग दो वर्ष प्रतिकूल रूप से प्रभावित होने के बावजूद उपलब्धियों भरा रहा है। उन्होंने कहा कि यह सब राज्य की लोगों के समर्थन और केंद्रीय नेतृत्व के अपार स्नेह के कारण संभव हुआ है।
उन्होंने कहा कि विश्व का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान देश में सफल रहा और इसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जाता है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश भी टीकाकरण अभियान में चैम्पियन और अब प्रदेश 15 से 18 वर्ष की आयु वर्ग के युवाओं के टीकाकरण में अग्रणी राज्य बन कर उभरा है।
जय राम ठाकुर ने कहा कि बजट में सभी के लिए बिना आय सीमा वृद्धावस्था पेंशन की आयु सीमा को घटाकर 60 वर्ष करने की घोषणा की थी। उन्होंने कहा कि 60 से 65 वर्ष की आयु वर्ग की महिलाओं को भी बिना किसी आय सीमा के वृद्धावस्था पेंशन प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि अब 7.50 लाख लाभार्थियों को वृद्धावस्था पेंशन योजनाओं का लाभ मिलेगा, जिस पर 1,300 करोड़ व्यय किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने निर्णय लिया है कि 60 यूनिट तक की बिजली खपत के लिए जीरो बिलिंग की जाएगी, जिससे लगभग 4.50 लाख उपभोक्ता लाभान्वित होेंगे। न्होंने कहा कि 61 से 125 यूनिट के बीच बिजली खपत करने वाले 7 लाख से अधिक उपभोक्ताओं को लाभ प्रदान करने के लिए भी एक रुपये प्रति यूनिट की रियायती दर पर सस्ती बिजली उपलब्ध करवाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रदान किए गए मजबूत नेतृत्व के कारण सम्भव हुआ कि भारत गुरू के रूप में उभरने की ओर अग्रसर है।उन्होंने कहा कि ऑपरेशन गंगा शुरू करके देश के 21,000 से अधिक लोगों को यूक्रेन से वापस लाया गया।उन्होंने कहा कि ऊना-हमीरपुर रेलवे लिंक का भी सर्वेक्षण किया गया है, जिसका 75 प्रतिशत खर्च केंद्र सरकार वहन करेगी।
पूर्व विधायक एवं जिला भाजपा अध्यक्ष बलदेव शर्मा ने कहा कि राज्य ने पिछले लगभग चार वर्षों में कोरोना महामारी के बावजूद अभूतपूर्व विकास किया है। उन्होंने हाल ही में मुख्यमंत्री द्वारा पेश राज्य के बजट में समाज के हर वर्ग का कल्याण सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री को क्षेत्र की विभिन्न विकासात्मक मांगों से भी अवगत कराया। उन्होंने हाल ही में मुख्यमंत्री द्वारा पेश किए गए विकास और कल्याणकारी बजट की भी सराहना की।
उप मुख्य सचेतक कमलेश कुमारी, पूर्व विधायक राम रतन शर्मा, एचआरटीसी के उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री, मंडल भाजपा अध्यक्ष बड़सर कुलदीप ठाकुर, राकेश बबली, भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी विनोद कुमार, राज्य संयोजक कौशल विकास निगम नवीन शर्मा, उपायुक्त देबश्वेता बनिक इस अवसर पर मौजूद रहे।