@ नई दिल्ली
राष्ट्रपति, राम नाथ कोविंद ने एक वीडियो संदेश के माध्यम से 95वें अखिल भारतीय मराठी साहित्य सम्मेलन में भाग लिया और कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।भारत रत्न लता मंगेशकर के नाम पर सम्मेलन स्थल का नामकरण करने के लिए आयोजकों की सराहना करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि भारत और महाराष्ट्र की संस्कृति को अनंत काल के लिये विरासत देने वाली लता जी के नाम का ऐसा सार्थक उपयोग उचित है।
राष्ट्रपति ने कहा कि समानता और वीरता महाराष्ट्र की पहचान है।17वीं शताब्दी में वीरता और ज्ञान की धारा प्रवाहित कर छत्रपति शिवाजी महाराज, समर्थ गुरु रामदास और संत तुकाराम ने मराठी पहचान और साहित्य को असाधारण वैभव से संपन्न किया जिसने भारत में एक नया स्वाभिमान पैदा किया।महाराष्ट्र में महिला-शक्ति के मूल्यवान और असाधारण योगदान के बारे में बोलते हुए
राष्ट्रपति ने सातवाहन वंश की रानी नागनिका को याद किया, जिन्होंने अपने पति के असामयिक निधन के बाद अपने साम्राज्य का नेतृत्व किया; वीरमाता जीजाबाई जिन्होंने न केवल अपने बेटे वीर शिवाजी के चरित्र और व्यक्तित्व का निर्माण किया था,बल्कि अपने सक्षम नेतृत्व के माध्यम से मराठा गौरव को नई ऊंचाइयां भी दी; जनाबाई जिन्होंने 14वीं शताब्दी में जाति और लिंग आधारित भेदभाव को चुनौती देते हुए कई संगीतमय अभंगों की रचना की; बैजा बाई जिन्होंने 1857 के संघर्ष से 40 साल पहले अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई लड़ी थी।
राष्ट्रपति ने 19वीं शताब्दी के महाराष्ट्र में समाज, साहित्य और शिक्षा में सावित्रीबाई फुले, सगुणाबाई क्षीरसागर, फातिमा शेख, मुक्ता साल्वे और ताराबाई शिंदे के योगदान का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ताराबाई शिंदे ने वर्ष 1882 में एक पुस्तक ‘स्त्री-पुरुष तुलना’ लिखी थी, जिसे भारत में महिला मुक्ति के विषय पर लिखा गया पहला लेख माना जाता है।
उन्होंने कहा कि डॉ. आनंदीबाई जोशी का उदाहरण, जो भारत की उन पहली महिलाओं में थी जो डॉक्टर बनीं,एक प्रगतिशील समाज का परिचय देता है।20वीं सदी में प्रमिलाताई मेढे जैसे सामाजिक कार्यकर्ताओं ने देशव्यापी योगदान दिया है।राष्ट्रपति ने कहा कि यह चिंता का विषय है कि प्राचीन काल से राजनीति, समाज सुधार, विचारों और साहित्य के क्षेत्र में अग्रणी रही महाराष्ट्र की महिलाएं पिछड़ रही हैं।
उन्होंने कहा कि 2011 की जनगणना के अनुसार, महाराष्ट्र महिला साक्षरता के मामले में 14 वें और लिंग-अनुपात पैमाने पर 22 वें स्थान पर था।उन्होंने साहित्य सम्मेलन में भाग लेने वाले प्रगतिशील नागरिकों से आग्रह किया कि वो महिलाओं को स्वास्थ्य, शिक्षा और साहित्य जैसे क्षेत्रों में नेतृत्व करने के लिए प्रोत्साहित करें।