@ देहरादून उत्तराखंड
उत्तराखंड एक झलक में, उत्तराखंड की प्रमुख खबरें…
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर यात्रा सीजन के प्रथम 45 दिनों के लिए प्रतिदिन दर्शन के लिए आने वाले तीर्थ यात्रियों/श्रद्धालुओं की अधिकतम संख्या में एक-एक हजार की वृद्धि की गई है। संशोधित शासनादेश के अनुसार अब गंगोत्री में 8 हजार, यमुनोत्री में 5 हजार, केदारनाथ में 13 हजार एवं बद्रीनाथ में 16 हजार तीर्थ यात्री/श्रद्धालु प्रतिदिन दर्शन कर सकेंगे।
********
उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूडी भूषण ने राजभवन लखनऊ में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से शिष्टाचार भेंट की। विधानसभा अध्यक्ष ने इस अवसर पर राज्यपाल को पौधा भेंट किया।वहीं राज्यपाल ने भी विधानसभा अध्यक्ष को शॉल ओढ़ाकर अभिवादन किया। इस अवसर पर राज्यपाल ने विधानसभा अध्यक्ष से उत्तराखंड से संबंधित विभिन्न विषयों सहित सदन संचालन व विधायी कार्यों की गतिविधियों पर लंबी चर्चा की। महिला सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण विषय पर भी दोनों के ही बीच बातचीत हुई। राज्यपाल ने ऋतु खंडूडी को विधानसभा अध्यक्ष पद के बखूबी निर्वहन के लिए शुभकामनाएं दी।भेंट मुलाकात के उपरांत विधानसभा अध्यक्ष ने राज्यपाल को चारधाम यात्रा आने का निमंत्रण भी दिया।
********