@ बेंगलुरु कर्नाटक :-
भारतीय कृषि अनुसंधान परिष ने कृषि और किसान कल्याण विभाग, भारत सरकार के सहयोग से आईसीएआर संस्थानों, कृषि विश्वविद्यालयों, केवीके और राज्य सरकार के विभागों को शामिल करते हुए 29 मई से 12 जून, 2025 तक ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ के नाम से देश भर में बड़े पैमाने पर खरीफ पूर्व अभियान शुरू किया है।

पिछले दस दिनों में 1896 दलों ने 8188 गांवों में 895944 किसानों के साथ बातचीत की। कर्नाटक में भी वैज्ञानिकों, कृषि और संबद्ध विभाग के अधिकारियों की 70 से अधिक टीमें किसानों के खेतों का दौरा कर रही हैं, दैनिक आधार पर किसानों के साथ बातचीत कर रही हैं और कृषि क्षेत्र के विकास के लिए मांग आधारित और समस्या-उन्मुख अनुसंधान कार्यक्रम विकसित करने के लिए किसानों से प्रतिक्रिया ले रही हैं।
ICAR – भारतीय बागवानी अनुसंधान संस्थान (ICAR-IIHR), ICAR का शीर्ष वरीयता वाला संस्थान है जिसकी स्थापना 5 सितंबर 1967 को हुई थी । सतत् बागवानी विकास के लक्ष्य को प्राप्त करने के अभियान के साथ, इस संस्थान ने वर्षों से कई चुनौतियों का सामना करने के बावजूद, आजीविका सुरक्षा, आर्थिक विकास और पोषण सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।, ICAR-IIHR ने फलों, सब्जियों, सजावटी पौधों, औषधीय और सुगंधित पौधों और मशरूम पर लगभग छह दशकों से व्यापक शोध किया है।
जिसके फलस्वरूप 327 किस्में/संकर और 154 प्रौद्योगिकियां विकसित हुई हैं। संस्थान में विकसित उन्नत किस्मों/संकरों में फल फसलें (38), सब्जी फसलें (149) और फूल और औषधीय फसलें (140) शामिल हैं जो पूरे देश में फैल गई हैं। अब तक संस्थान ने 130 तकनीकें विकसित की हैं और 675 उपभोक्ताओं को 1550 लाइसेंस दिए गए हैं ।
ICAR-IIHR, बेंगलुरु में विकसित कृषि संकल्प अभियान कार्यक्रम 8.06.2025 को आयोजित किया जाएगा। माननीय केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान जी कर्नाटक के लगभग पांच सौ किसानों को संबोधित करेंगे और कर्नाटक से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर उनसे बातचीत भी करेंगे। इसके अलावा माननीय मंत्री जी किसानों से प्रतिक्रिया लेने के लिए उनके खेतों का दौरा करेंगे और कर्नाटक में स्थित ICAR संस्थानों द्वारा प्रौद्योगिकी प्रदर्शन का अवलोकन करेंगे।
