@ पटना बिहार
बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरे :-
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ईद-उल-अज़हा (बकरीद) के अवसर पर प्रदेश एवं देशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि ईद-उल-अज़हा का त्योहार असीम आस्था का त्योहार है। खुदा के हुक्म पर बड़ी से बड़ी कुर्बानी के लिये तैयार रहना इस त्योहार का आदर्श है। मुख्यमंत्री ने इस त्योहार को आपसी भाईचारा एवं सद्भाव के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहारों को आपसी भाईचारे के साथ मनाने से आनंद और बढ़ जाता है।

नीतीश कुमार ने पटना के गर्दनीबाग में निर्माणाधीन ऑफिसर्स इनक्लेव का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने 10 मंजिला भवन का जायजा लिया। 9वें फ्लोर पर बने फ्लैट के निरीक्षण के दौरान उन्होंने फ्लैट के विभिन्न भागों – किचन, स्टोर रूम, ड्राइिंग रूम, डायनिंग रूम, बेडरूम को देखा।
इसके पश्चात् मुख्यमंत्री छत पर गये और छत से पूरे परिसर का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे परिसर को साफ- सुथरा एवं हरा-भरा रखें। छत पर सोलर प्लेट लगाये ताकि सौर ऊर्जा का उत्पादन हो सके और यहां की बिजली की जरूरतों को भी पूर्ण किया जा सके।

मुख्यमंत्री कुमार ने जम्मू कश्मीर में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान घायल हुए बिहार के बक्सर जिले के सेना के हवलदार सुनील कुमार सिंह के शहीद होने पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि उनकी शहादत को देश हमेशा याद रखेगा। वे इस घटना से काफी मर्माहत हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद हवलदार सुनील कुमार सिंह के निकटतम आश्रित को राज्य सरकार की ओर से अनुमान्य सम्मान राशि दी जायेगी, साथ ही शहीद हवलदार सुनील कुमार सिंह का राज्य सरकार की ओर से पुलिस सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जायेगा।

नीतीश कुमार ने हिमाचल प्रदेश के पूह में ड्यूटी के दौरान बिहार स्थित सारण जिले के रहनेवाले सेना के जवान देव किशोर साह के शहीद होने पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा कि उनकी शहादत को देश हमेशा याद रखेगा। वे इस घटना से काफी मर्माहत हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद जवान देव किशोर साह के निकटतम आश्रित को राज्य सरकार की ओर से अनुमान्य सम्मान राशि दी जायेगी।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पूर्व विधान पार्षद एवं राज्य किसान आयोग के पूर्व अध्यक्ष सीपी सिन्हा के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि वे एक कुशल राजनेता एवं समाजसेवी थे। स्व सीपी सिन्हा के निधन के समाचार से उन्हें गहरा दु:ख हुआ है। वह मजबूती के साथ पार्टी से जुड़े हुये थे। किसानों की भलाई के लिए वे आजीवन प्रयासरत रहे। उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है।

पटना के जिलाधिकारी डॉ त्यागराजन एसएम के द्वारा जिला नियंत्रण कक्ष, पटना का निरीक्षण किया गया। उन्होंने बेहतर कार्यालय-प्रबंधन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए अपर जिला दंडाधिकारी (विधि- व्यवस्था) को CCTV मॉनिटरिंग सिस्टम को सुदृढ़ करने तथा विधि–व्यवस्था संधारण के प्रति सजग एवं तत्पर रहने के निर्देश दिये।

गोपालगंज के जिलाधिकारी पवन कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में आपदा प्रबंधन संभावित बाढ़ पूर्व तैयारियों की समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने राहत-बचाव कार्य को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिये।

शेखपुरा के जिलाधिकारी आरिफ अहसन की अध्यक्षता में सभी जिला एवं प्रखंडस्तरीय पदाधिकारियों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने प्राथमिकता में रखे गये सभी कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिये।

गयाजी के जिलाधिकारी शशांक शुभंकर की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन हुआ। उन्होंने जनता दरबार में आये कुल 40 आवेदकों की समस्याएं सुनी एवं समाधान हेतु उचित कार्रवाई के निर्देश दिये।