@ पटना बिहार
बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरें…
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लौह पुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर आयोजित राजकीय समारोह में उनकी आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
नीतीश कुमार मणिपुर में उपद्रवी हिंसा में बिहार के गोपालगंज जिले के रहनेवाले लक्ष्मण कुमार और दशरथ कुमार की हत्या से मर्माहत हैं। उन्होंने इस घटना को काफी दु:खद बताया है। मुख्यमंत्री ने मणिपुर में बिहार निवासियों की हत्या पर गंभीर चिन्ता व्यक्त की है।
उन्होंने मृत लक्ष्मण कुमार और दशरथ कुमार के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 02-02 लाख रुपये का अनुग्रह अनुदान देने की घोषणा की। साथ ही दिल्ली में बिहार के स्थानिक आयुक्त को स्थिति की जानकारी लेने तथा हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने एवं मृतकों के पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव पहुंचाने के लिये सभी आवश्यक व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिये।
कृषि क्षेत्र एवं किसानों के विकास के लिए राज्य सरकार द्वारा कई कदम उठाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि हमलोगों ने कृषि क्षेत्र के विकास हेतु राज्य में कृषि रोड मैप बनाया और कृषि विकास कार्यक्रम चलाया, फसलों, फलों एवं सब्जियों के उत्पादन और उत्पादकता में वृद्धि हुई, जिससे लाभ किसानों को मिल रहा है।
पटना के जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की बैठक हुई। उन्होंने अंतर्विभागीय समन्वय स्थापित कर पूर्ण पारदर्शिता, उत्तरदायित्व एवं संवेदनशीलता के साथ जनहित मामलों का त्वरित गति से समाधान के निर्देश दिये।
बक्सर के जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल की अध्यक्षता में स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
सीतामढ़ी के जिलाधिकारी रिची पांडेय की अध्यक्षता में आई.सी.डी.एस. अर्न्तगत सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, प्रखण्ड समन्वयक एवं महिला पर्यवेक्षिका के साथ समीक्षात्मक बैठक हुई। उन्होंने निर्देश दिया कि आई.सी.डी.एस. से संबंधित योजनाओं का क्रियान्वयन पूरी गंभीरता के साथ करना सुनिश्चित करें अन्यथा कार्रवाई के लिए तैयार रहें।
रोहतास की जिलाधिकारी उदिता सिंह के द्वारा अनुकंपा समिति की बैठक हुई। बैठक में ACP / MACP से संबंधित मामलों पर चर्चा हुई।
जहानाबाद की जिलाधिकारी अंलकृता पांडेय की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन हुआ। जनता दरबार में कुल 29 आवेदन प्राप्त हुए।
सीवान के जिलाधिकारी मुकुल कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने सभी प्रखंडों में आशा कार्यकर्ता के माध्यम से 70 वर्ष से अधिक के लाभार्थियों का लगातार 10 दिन तक विशेष अभियान चलाकर आयुष्मान भारत-जन आरोग्य योजना के अंतर्गत शेष बचे पात्र लाभार्थियों का आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश दिये।