@ नई दिल्ली :-
कमांडेंट कैलाश सिंह मेहता के नेतृत्व में 18वाँ BSF दस्ता, संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन मोनुस्को के तहत बेनी, कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य के लिए 04 जून 2025 को रवाना होने जा रहा है। इस दस्ते में कुल 160 कार्मिक शामिल हैं, जिनमें 7 अधिकारी, 9 अधीनस्थ अधिकारी, 144 अन्य रैंक, एक महिला चिकित्सा अधिकारी और 24 महिला कांस्टेबल शामिल हैं।
BSF बल मुख्यालय में दलजीत सिंह चौधरी, महानिदेशक, सीमा सुरक्षा बल, तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में इस दस्ते को औपचारिक विदाई दी गई। यह दस्ता 17वें BSF दस्ते का स्थान लेगा, जो अब तक बेनी, कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य में तैनात था और जो 04 जून 2025 को भारत लौट रहा है।
18वें BSF दस्ते ने रवाना होने से पूर्व 11 सप्ताह का विशेष प्री-डिप्लॉयमेंट प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण किया है। इनकी ऑपरेशनल क्षमता का मूल्यांकन (AOC Test) संयुक्त राष्ट्र के Formed Police Assessment Team (FPAT) द्वारा दिनांक 03.05.2025 से 07.05.2025 तक 95 बटालियन, BSF, नई दिल्ली में लिया गया।
इस प्रशिक्षण में संयुक्त राष्ट्र की शांति स्थापना से जुड़े दिशा-निर्देश, मानक संचालन प्रक्रियाएं (SOPs), नीतियां, जन व्यवस्था प्रबंधन, मानवाधिकार, यौन व लिंग आधारित हिंसा (SGBV), वीआईपी सुरक्षा, नागरिकों की सुरक्षा, संयुक्त राष्ट्र प्रतिष्ठानों की सुरक्षा, महिलाओं और बाल अधिकारों की रक्षा आदि विषयों को सम्मिलित किया गया। संयुक्त राष्ट्र शांति मिशनों में 18वें BSF दस्ते की तैनाती भारत की वैश्विक शांति प्रयासों के प्रति प्रतिबद्धता का एक और प्रमाण है।