@ भोपाल मध्यप्रदेश :-
युवाओं को संविधान और कानून की जानकारी देने, साइबर अपराधों के प्रति सतर्क बनाने तथा नागरिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति संवेदनशील करने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश पुलिस एवं उच्च शिक्षा विभाग द्वारा जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद आयोजित किया जा रहा है। प्रदेश के विभिन्न महाविद्यालयों में चल रही इन गतिविधियों से अब तक 60 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं जुड़ चुके हैं।

मध्यप्रदेश पुलिस की सामुदायिक पुलिसिंग शाखा, द्वारा उच्च शिक्षा विभाग के साथ समन्वय से संचालित इस पहल का उद्देश्य युवाओं को केवल कानून और सुरक्षा संबंधी जानकारी देना नहीं, बल्कि उन्हें जागरूक, सजग, संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक के रूप में विकसित करने के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को संविधान, कानूनी अधिकार, नवीन आपराधिक न्याय विधान, साइबर सुरक्षा, मानसिक स्वास्थ्य, सामाजिक सद्भाव एवं नागरिक कर्तव्यों जैसे विषयों से जोड़ा जा रहा है। राष्ट्रीय एकता दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित हो रहे इन कार्यक्रमों में विद्यार्थियों को उनके दैनिक जीवन से जुड़े सुरक्षा एवं सामाजिक सरोकारों की जानकारी दी जा रही है।
MoU के माध्यम से पुलिस और उच्च शिक्षा विभाग की संयुक्त पहल
मध्यप्रदेश पुलिस एवं उच्च शिक्षा विभाग के मध्य हुए समझौता ज्ञापन के आधार पर इस कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई है। इसका उद्देश्य महाविद्यालयों और पुलिस के बीच संवाद को संस्थागत स्वरूप देना तथा विद्यार्थियों को जन सुरक्षा से जुड़े विषयों की व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को यह समझने का अवसर दिया जा रहा है कि सुरक्षित समाज के निर्माण में कानून-व्यवस्था बनाए रखने वाली संस्थाओं के साथ नागरिकों की जागरूकता और सहभागिता भी महत्वपूर्ण है।

66 महाविद्यालयों के 136 प्राध्यापक बने प्रशिक्षक
कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए सामुदायिक पुलिसिंग शाखा, पुलिस मुख्यालय द्वारा 10 अक्टूबर 2026 को राज्य स्तरीय प्रशिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम (Training of Trainers—ToT) आयोजित किया गया। इसमें प्रदेश के 66 शासकीय महाविद्यालयों के 136 प्राध्यापकों ने सहभागिता की।
प्रशिक्षण में प्राध्यापकों को संविधान एवं मौलिक अधिकार, विधिक जागरूकता, नवीन आपराधिक न्याय विधान, साइबर सुरक्षा, मानसिक स्वास्थ्य, सामाजिक सद्भाव एवं नागरिक कर्तव्यों से संबंधित विषयों पर जानकारी दी गई। इन प्रशिक्षित प्राध्यापकों के माध्यम से महाविद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए निर्धारित विषयों पर संवाद एवं कार्यशालाएं आयोजित की जा रही हैं।
14-15 अक्टूबर को तय हुई प्रदेशव्यापी कार्ययोजना
ToT के बाद 14 एवं 15 अक्टूबर को उच्च शिक्षा विभाग के प्रशिक्षित प्राध्यापकों और मध्यप्रदेश पुलिस के राज्य स्तरीय नोडल अधिकारियों के साथ ऑनलाइन वीडियो कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इसमें कार्यक्रम के संचालन, विषयवस्तु और महाविद्यालय स्तर पर गतिविधियों के आयोजन को लेकर समन्वय किया गया।
इस दौरान विद्यार्थियों के लिए दो दिवसीय प्रारूप निर्धारित किया गया, जिसमें पहले दिन महाविद्यालय में विषयगत कार्यशाला और दूसरे दिन पुलिस थाना भ्रमण का प्रावधान रखा गया।

कार्यशाला में कानून से लेकर मानसिक स्वास्थ्य तक विषय
महाविद्यालयों में आयोजित कार्यशालाओं में विद्यार्थियों को संविधान, मौलिक एवं कानूनी अधिकारों तथा नवीन आपराधिक न्याय विधान की मूलभूत जानकारी दी जा रही है। इसके साथ ही साइबर अपराधों से बचाव, डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित उपयोग, मानसिक स्वास्थ्य एवं भावनात्मक संतुलन जैसे विषयों पर भी चर्चा की जा रही है। विद्यार्थियों को ऑनलाइन गतिविधियों में सावधानी बरतने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि के प्रति सतर्क रहने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
नागरिक कर्तव्यों, कानून के सम्मान और सामाजिक सद्भाव से जुड़े विषयों के माध्यम से विद्यार्थियों को यह समझाने का प्रयास किया जा रहा है कि अधिकारों के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन भी आवश्यक है।

