शहरी स्थानीय निकायों के प्रतिनिधि कोविड प्रभावितों की हर संभव सहायता को आगे आएं : मुख्यमंत्री

Share News

संवाददाता : शिमला हिमाचल

मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने शहरी स्थानीय निकायों के चयनित प्रतिनिधियों से सम्बन्धित क्षेत्रों में कोविड-19 के कारण होम आइसोलेशन में रखे गए मरीजों के परिवारों के साथ निरन्तर सम्पर्क में रहने का आग्रह किया है ताकि उन्हें किसी भी परेशानी का सामना न करना पड़े और उचित परामर्श के साथ-साथ उपचार की सुविधा भी मिल सके। वह आज शिमला से वर्चुअल माध्यम से शहरी स्थानीय निकायों के सदस्यों को प्रदेश में कोविड-19 की स्थिति को लेकर समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस महामारी के प्रसार को फैलने से रोकने और संकट में  फंसे लोगों की सहायता करने में लोगों में जो उत्साह पिछले वर्ष देखा गया था वह इस बार कम देखने का मिल रहा है। उन्होंने शहरी निकायों के चयनित प्रतिनिधियों से संकट के समय में जरूरतमंदों की सहायता करने के लिए आगे आने को कहा। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित करने के लिए उचित कदम उठाने चाहिए कि प्रवासी मजदूरों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और उन्हें प्रदेश में ही रूकने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए।
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के औद्योगिक क्षेत्रों में बेहतर निगरानी सुनिश्चित करने के लिए उचित कदम उठाए जाने चाहिए ताकि प्रवासी मजदूरों को संक्रमण से बचाया जा सके। शहरों और नगर निगमों की नियमित सेनिटाइजेशन करने के अलावा यह भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए सामाजिक कार्यक्रमों में 50 से अधिक लोग शामिल न हों।
 
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को कोविड-19 संक्रमित मरीजों की जानकारी पार्षदों को उपलब्ध करवाने को कहा ताकि वे संक्रमितों के परिवारों से सम्पर्क कर सकें और अपने स्तर पर सम्बन्धित क्षेत्रों के कोविड-19 मरीजों पर निगरानी रख सकें।
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार नगर निगमों को इस महामारी से लड़ने के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान करेगी। प्रदेश सरकार ने नगर निगमों को सूचना, शिक्षा और प्रचार सामग्री उपलब्ध करवाएगी ताकि इस सामग्री को लोगों को वायरस को रोकने के लिए शिक्षित करने और साथ ही लोगों को टीकाकरण के प्रति जागरूक करने में उपयोग किया जा सके। उन्होंने कहा कि शहरी स्थानीय निकायों के प्रतिनिधियों को कोविड-19 पाॅजीटिव मरीजों को काढ़ा, च्यवनप्राश, फल और अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध करवानी चाहिए। यह न केवल उनकी सहायता करेगा, बल्कि इस वायरस से प्रभावशाली तरीके से लड़ने के लिए उनके भीतर आत्मविश्वास भी पैदा करेगा।
 
शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कहा कि सभी शहरी स्थानीय निकायों के प्रतिनिधि होम आइसोलेशन में रखे गए लोगों की सहायता करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम के सामुदायिक केन्द्रों को टीकाकरण के रूप में उपयोग किया जा सकता है ताकि लोगों को टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध करवाई जा सके। उन्होंने कहा कि इस वायरस के प्रसार को फैलने से रोकने के लिए उठाए जाने वाले कदमों और टीकाकरण के प्रति जागरूक करने के लिए प्रभावी आइईसी अभियान चलाया जाना चाहिए।
 
महापौर नगर निगम धर्मशाला ओंकार नेहरिया, महापौर नगर निगम मण्डी दीपाली, महापौर नगर निगम सोलन पूनम, महापौर नगर निगम शिमला सत्या कौंडल, अध्यक्ष नगर परिषद बिलासपुर कमलेन्द्र कश्यप, अध्यक्ष नगर परिषद चम्बा नीलम नैय्यर, नगर परिषद हमीरपुर मनोज कुमार, अध्यक्ष नगर परिषद ऊना पुष्पा, अध्यक्ष नगर परिषद बद्दी उर्मिला, अध्यक्ष नगर परिषद कुल्लू, नगर पंचायत भुंतर और सुन्दरनगर ने कहा कि सभी निर्वाचित प्रतिनिधि लोगों को टीकाकरण और जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
 
निदेशक शहरी विकास आबिद हुसैन सादिक ने बैठक की कार्यवाही का संचालन किया। अतिरिक्त मुख्य सचिव लोक निर्माण विभाग जे.सी. शर्मा और नगर पंचायतों के अध्यक्षों और उपाध्यक्षों, नगर निगमों के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और आयुक्तों ने भी बैठक में भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

LIVE OFFLINE
track image
Loading...