सिक्किम 13 से 16 नवंबर तक 13वें अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन हाट (आईटीएम) की मेजबानी करेगा

@ गंगटोक सिक्किम :-

सिक्किम की राजधानी गंगटोक में  केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय 13 से 16 नवंबर 2025 तक पूर्वोत्तर क्षेत्र के लिए अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन हाट (आईटीएम- इंटरनेशनल टूरिज्म मार्ट) के 13वें संस्करण का आयोजन करने जा रहा है। इस हाट का उद्घाटन केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत सिक्किम के मुख्यमंत्री श्री प्रेम सिंह तमांग और अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री पेमा खांडू, पूर्वोत्तर राज्यों के पर्यटन मंत्रियों और पर्यटन मंत्रालय एवं राज्य सरकारों के वरिष्ठ अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति में करेंगे।

अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन हाट, पर्यटन मंत्रालय का एक प्रमुख वार्षिक आयोजन है। इसका उद्देश्य भारत की “अष्ट लक्ष्मी” नाम से मशहूर पूर्वोत्तर राज्यों की पर्यटन क्षमता को घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय दर्शकों के सामने प्रदर्शित करना है। यह हाट क्षेत्र की समृद्ध प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विविधता और साहसिक पर्यटन के अवसरों को उजागर करेगा। इसका साथ ही इसका लक्ष्य सतत और समावेशी पर्यटन विकास को बढ़ावा देना भी है। राजधानी गंगटोक में आयोजित होने वाला अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन हाट का यह 13वां संस्करण पूर्वोत्तर को पर्यावरण-पर्यटन, स्वास्थ्य, संस्कृति और साहसिक पर्यटन के लिए एक पसंदीदा गंतव्य के रूप में स्थापित करने की मंत्रालय की प्रतिबद्धता दर्शाता है।

गंगटोक में इस आयोजन का विशेष महत्व है। सिक्किम ने स्थायी और ज़िम्मेदार पर्यटन के एक आदर्श के रूप में राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर ख्याति अर्जित की है। अपने प्राचीन प्राकृतिक दृश्यों, जैविक कृषि पद्धतियों, आध्यात्मिक विरासत और जीवंत स्थानीय संस्कृति के साथ सिक्किम समुदाय-आधारित और पर्यावरण को लेकर सचेत पर्यटन के आदर्शों का प्रतिनिधित्व करता है, जिसे केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय पूरे देश में बढ़ावा देना चाहता है। यह हाट मंत्रालय की “जीवन के लिए यात्रा” पहल के अनुरूप आयोजित किया जा रहा है।

13वें अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन हाट में दुनिया भर से व्यापक भागीदारी देखने को मिलेगी, जिसमें स्पेन, थाईलैंड, फ्रांस, रूस, जर्मनी, वियतनाम और अन्य सहित लगभग 19 देशों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इस आयोजन में 39 अंतर्राष्ट्रीय टूर ऑपरेटर, 5 अंतर्राष्ट्रीय प्रभावशाली व्यक्ति, 50 घरेलू खरीदार, 20 घरेलू प्रभावशाली व्यक्ति और ट्रैवल मीडिया और 91 घरेलू विक्रेता शामिल होंगे। इस हाट में तकनीकी सत्रों, पैनल चर्चाओं, उत्पादों की प्रस्तुतियों और बीटूबी बैठकों की एक श्रृंखला आयोजित की जाएगी। इसका उद्देश्य घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन हितधारकों के बीच सहयोग को बढ़ावा देना है। राज्य पर्यटन अधिकारियों के साथ चर्चाएं सिनेमाई पर्यटन, होमस्टे, युवा उद्यमिता, डिजिटल नवाचार, स्थिरता और साहसिक पर्यटन पर केंद्रित होंगी।

इस आयोजन में पूर्वोत्तर की समृद्ध कलात्मक और प्रदर्शनकारी परंपराओं को दर्शाने वाले सांस्कृतिक प्रदर्शन भी शामिल होंगे, साथ ही गंगटोक और उसके आसपास के प्रमुख स्थलों जैसे रुमटेक मठ, दो द्रुल चोर्टेन और नामग्याल तिब्बती विज्ञान संस्थान के तकनीकी दौरे भी शामिल होंगे। उत्पादों की प्रस्तुतियां वन्यजीव और नदी परिभ्रमण पर्यटन, त्योहारों और समारोहों, विरासत और शिल्प, पाक परंपराओं और साहसिक अनुभवों जैसे विविध क्षेत्रों में पूर्वोत्तर क्षेत्र की संभावनाओं को उजागर करेंगी। इस आयोजन के बाद, अंतर्राष्ट्रीय और घरेलू प्रतिभागियों के लिए पूर्वोत्तर राज्यों के विभिन्न स्थलों पर परिचयात्मक दौरे आयोजित किए जाएंगे ताकि उन्हें क्षेत्र की सांस्कृतिक और प्राकृतिक संपदा का प्रत्यक्ष अनुभव प्रदान किया जा सके।

गंगटोक में आयोजित 13वां अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन हाट पूर्वोत्तर के न केवल असाधारण प्राकृतिक सौंदर्य और सांस्कृतिक विविधता का उत्सव है, बल्कि इस क्षेत्र को एक वैश्विक पर्यटन केंद्र में बदलने के सरकार के दृष्टिकोण की भी पुष्टि करता है। अपने शांत परिदृश्यों, जीवंत समुदायों और स्थायित्व के प्रति अनुकरणीय प्रतिबद्धता के साथ, सिक्किम इस ऐतिहासिक आयोजन के लिए एक आदर्श पृष्ठभूमि प्रदान करता है, जो विविधता में एकता की भावना और पर्यटन से संचालित ज़िम्मेदार विकास के वादे का प्रतीक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...