@ हैदराबाद तेलंगाना :-
तेलंगाना के कई जिलों में इस बार गर्मी कुछ जल्दी शुरू होने की वजह से लू की स्थिति बनी हुई है। अविभाजित आदिलाबाद जिले में कल लू का प्रकोप रहा और पारा बढ़कर 40.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। यह सामान्य से लगभग पांच डिग्री अधिक है। निजामाबाद में कल 39.6 डिग्री सेल्सियस और मेडक में 39.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
हैदराबाद स्थित भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र ने कल एक विशेष बुलेटिन जारी किया। बुलेटिन में बताया गया कि अधिकतम तापमान में वृद्धि होगी और अगले दो दिनों के दौरान और अधिक जिलों में लू की स्थिति की संभावना है।
अधिकारियों ने आदिलाबाद, जगतियाल, कोमाराम भीम, मंचेरियल, पेड्डापल्ली और राजन्ना सिरसिला सहित उत्तरी तेलंगाना जिलों में दिन का तापमान 41 डिग्री सेल्सियस से 44 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान लगाया है। हैदराबाद में कल अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।