@ खोर्द्धा ओडिशा
भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) ने आज अपने 63वें स्थापना दिवस को धूमधाम से मनाया। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में समारोह की शोभा बढ़ाई। सर्वप्रथम, उन्होंने बटालियन के परिसर में शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित किया और उसके पश्चात भव्य परेड का निरीक्षण किया।
ITBP के महानिदेशक राहुल रसगोत्रा ने मुख्य अतिथि और अन्य गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया तथा बल की पिछले वर्ष की महत्त्वपूर्ण उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री ने ITBP के 62 वर्षों की समर्पित सेवा के लिए बल के जवानों को बधाई दी और हिमालयी सीमाओं पर चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में राष्ट्र की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उनके अद्वितीय उत्साह, प्रतिबद्धता और सतर्कता की सराहना की। उन्होंने हिमवीरों द्वारा प्रतिकूल परिस्थितियों में किए गए महत्त्वपूर्ण योगदान को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता को भी दोहराया।
परेड और प्रदर्शन की मुख्य विशेषताएं
इस परेड में ITBP की सभी सीमाओं के दल शामिल थे, जिनमें महिला टुकड़ी, स्कीइंग और पर्वतारोहण टीम, पैराट्रूपर्स, डॉग स्क्वाड और घुड़सवारी टीम भी शामिल थीं। दर्शकों को पारंपरिक मार्शल आर्ट (सिलंबम, मल्लखंब और कलारिपयट्टू), पाइप बैंड प्रदर्शन, कृत्रिम दीवार चढ़ाई और हाउस-क्लियरिंग ड्रिल ने विशेष रूप से आकर्षित किया।
पुरस्कार और सम्मान
इस अवसर पर ITBP की विभिन्न बटालियनों और कर्मियों को उनकी उत्कृष्टता के लिए सम्मानित किया गया:
सर्वश्रेष्ठ ग्रीन बटालियन ट्रॉफी: 48वीं बटालियन
सर्वश्रेष्ठ सीमा बटालियन ट्रॉफी: 15वीं बटालियन
सर्वश्रेष्ठ स्वच्छ बटालियन ट्रॉफी: 56वीं बटालियन
सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी ट्रॉफी 2024: पी.एच. सोनिया देवी, 5वीं बटालियन
राजभाषा शील्ड (2023-24): 13वीं बटालियन (हिंदी के उत्कृष्ट कार्यान्वयन हेतु)
चार ITBP अधिकारियों को विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया गया।
ई-उद्घाटन और प्रकाशन
मुख्य अतिथि ने इस अवसर पर सीमावर्ती क्षेत्रों में विकसित कई अधोसंरचनात्मक परियोजनाओं जैसे सड़कों, फुट सस्पेंशन ब्रिज, बैरक, मेस, अस्पताल, ट्रांजिट कैंप, आवासीय क्वार्टर और प्रशासनिक भवनों का वर्चुअल उद्घाटन किया। इसके अलावा, सीआईएसएफ बैफल फायरिंग रेंज का भी ई-उद्घाटन किया गया।
इस समारोह में “भारत-तिब्बत सीमा पुलिस का इतिहास” नामक हिंदी पुस्तक और बल की ई-स्मारिका का विमोचन भी हुआ। साथ ही, सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में एक नया फिटनेस कार्यक्रम ‘ओजस’ लॉन्च किया गया।
समापन पर धन्यवाद ज्ञापन करते हुए ITBP के अपर महानिदेशक (मुख्यालय) अब्दुल गनी मीर ने मुख्य अतिथि के प्रति आभार व्यक्त किया और राष्ट्र की सुरक्षा एवं सेवा के प्रति बल की अटूट प्रतिबद्धता को दुहराया।