@ पटना बिहार
बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरें…
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को उनके जन्मदिन पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री ने उनके स्वस्थ एवं सुदीर्घ जीवन की कामना की।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में बिहार कैबिनेट की बैठक हुई। बैठक में कुल 22 एजेंडों पर मुहर लगाई गयी।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बिहार कैबिनेट ने राज्य के चार महत्वपूर्ण शहरों मुजफ्फरपुर, गया, दरभंगा और भागलपुर में मेट्रो रेल के परिचालन के प्रस्ताव की सैद्धांतिक मंजूरी दी है। वहीं बिहार में सरकारी सेवाओं में नियुक्ति के लिए विभिन्न आयोगों की तरफ से संचालित परीक्षाओं के आवश्यक चरणों में आयोजित करने का फैसला लिया है। खेल विभाग में सचिवालय और निदेशालय स्तर के लिए विभिन्न कोटि के कुल 98 पदों की सृजन पर अपना निर्णय लिया है। कैबिनेट ने नगर पंचायत एवं ग्राम पंचायत में खेल क्लब के गठन की भी स्वीकृति दी है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक अणे मार्ग से खरीफ महाभियान- 2024 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने खरीफ महाभियान-2024 के अन्तर्गत सभी जिलों के लिए किसान जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य यह है कि किसानों को कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें जागरूक किया जाना है। इन किसान जागरूकता वाहन के माध्यम से किसानों को खरीफ फसलों की तकनीकी जानकारी एवं खरीफ मौसम में कृषि विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

सुपौल के जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में जिला सतर्कता एवं अनुश्रवण समिति की बैठक हुई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।

बक्सर के जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल की अध्यक्षता में जिला कृषि टॉस्क फोर्स की बैठक हुई। उन्होंने कृषि एवं अन्य संबंधित विभागों के साथ अंतर्विभागीय समन्वय स्थापित कर योजनाओं के क्रियान्वयन के निर्देश दिये ।

सीतामढ़ी के जिलाधिकारी रिची पांडे की अध्यक्षता में भूमि विवाद से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने भूमि विवादों के निष्पादन में तेजी लाने के निर्देश दिये। साथ ही कहा कि भूमि विवाद से जुड़े मामलों के निष्पादन की दिशा में गंभीर प्रयास करना सुनिश्चित करें।

मोतिहारी के जिलाधिकारी सौरव जोरवाल ने बंजरिया प्रखंड के फूलवार ग्राम में तिलावे नदी पर कटाव निरोधक कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां पर उपस्थित ग्रामीणों से मिलकर पूर्व के वर्षों में आई बाढ़ सम्बन्धी जानकारी ली तथा ससमय तैयारी को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिये।