@ पटना बिहार बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरें…राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के कर-कमलों द्वारा PMCH के शताब्दी समारोह का उद्घाटन किया गया। इस मौके पर राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, BJP राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा, केन्द्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद समेत कई वरीय अधिकारीगण मौजूद रहे।

नीतीश कुमार की अध्यक्षता में बिहार कैबिनेट की बैठक हुई। बैठक में कुल 146 एजेंडों पर मुहर लगाई गयी।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी धर्मपत्नी एवं समाजसेवी स्व. मंजू सिन्हा की जयंती पर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर कंकड़बाग स्थित स्व. मंजू सिन्हा स्मृति पार्क में अवस्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

बिहार सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा आयोजित राज्य पक्षी महोत्सव “कलरव 2025” का आयोजन नागी नकटी पक्षी अभयारण्य में 27 और 28 फरवरी को किया जा रहा है। इसी क्रम में अरण्य भवन, पटना से पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. प्रेम कुमार ने बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली नागी पक्षी अभयारण्य, जमुई तक जाएगी और पक्षी संरक्षण, जैव विविधता तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता फैलाने का कार्य करेगी।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि “कलरव महोत्सव” का उद्देश्य बिहार की समृद्ध जैव विविधता और पक्षी संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना है। बिहार में पक्षियों की अनेक दुर्लभ प्रजातियां पाई जाती हैं, जिनका संरक्षण करना हमारी जिम्मेदारी है। इस तरह के आयोजन से न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि पर्यटन को भी नया आयाम मिलेगा। आइए, हम सभी मिलकर प्रकृति और पक्षियों की इस अद्भुत दुनिया को संरक्षित करने में अपना योगदान दें।

पटना के जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह की अध्यक्षता में एम्स निदेशक एवं अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ बैठक हुई। उन्होंने निर्देश दिया कि संस्थान के पास ट्रैफिक पोस्ट की स्थापना, नियमित तौर पर अतिक्रमण हटाने, प्रकाश की बेहतर व्यवस्था रखने तथा कूड़ों का समुचित निस्तारण करें। उन्होंने बताया कि बुडको द्वारा मार्च तक एम्स के पास स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज सिस्टम का निर्माण पूर्ण कर लिया जाएगा। साथ ही अनुमंडल पदाधिकारी को संस्थान के प्रबंधन से नियमित समन्वय स्थापित रखने के निर्देश दिये।

सारण के जिलाधिकारी अमन समीर की अध्यक्षता में महाशिवरात्रि पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाये रखने हेतु शांति समिति बैठक हुई। उन्होंने भाईचारे के साथ शांति एवं सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने की अपील की। साथ ही किसी भी सार्वजनिक अयोजन में डीजे पर प्रतिबंध सुनिश्चित करने, सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी, किसी भी तरह के अफवाहजनक एवं आपत्तिजनक संवाद फैलाने वाले लोगों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिये।

बांका के जिलाधिकारी अंशुल कुमार की अध्यक्षता में सभी जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ सोमवारीय बैठक हुई। उन्होंने जिले में संचालित सभी सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को प्रभावी ढंग से लागू करने एवं निर्धारित समय में पूर्ण करने के निर्देश दिये।

मधुबनी के जिलाधिकारी अरविन्द कुमार वर्मा की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में राजस्व संग्रहण-सह-आंतरिक संसाधन की समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि अभियान चलाकर लक्ष्य के अनुरूप हर हाल में ससमय राजस्व वसूली करना सुनिश्चित करें।