वरिष्ठ पत्रकार प्रभात डबराल की कलम से…
डबलिन (आयरलैंड) को आप दुनिया के सबसे खूबसूरत शहरों में से एक मान सकते हैं। बहुत कम शहर हैं जहां इतनी विविधता इतने छोटे से इलाक़े में समाई हो।

दुनियाँ भर में मशहूर ट्रिनिटी कॉलेज इसी शहर में है। शहर के बीचों बीच 47 एकड़ में फैले इस विश्वविद्यालय में पढ़ना गौरव की बात मानी जाती है। ऑस्कर वाइल्ड यहीं पढ़े थे, यहीं पढ़ाया भी।
ट्रिनिटी से बमुश्किल दो चार किलोमीटर की दूरी पर शहर के लगभग बीचों बीच दुनियाँ की दूसरी सबसे बड़ी ब्रूअरी(बियर फैक्ट्री) है जहाँ “गिनेस” नाम की बियर बनती है।
यहाँ से ज़रा सी दूरी पर दुनिया की मशहूर व्हिस्की “ जेमिसन” की फ़ैक्ट्री भी है। आयरलैंड वाले अपनी जेमिसन को दुनियाँ की सबसे बेहतरीन शराब मानते है – “स्काच” व्हिस्कियों से भी बेहतर।
वैसे भी आयरलैंड वाले इंग्लैंड और स्कॉटलैंड वालों को कहाँ पसंद करते हैं। इंग्लैंड से तो उनका बैर पुराना है। इंग्लैंड वाले प्रोटेस्टेंट ईसाई हैं और आयरलैंड में कैथोलिकों का बोलबाला है। इस बारे में फिर कभी।
शहर के बीचोंबीच एक नहर है जिसके एक तरफ़ पुरानी इमारतें हैं, महल हैं, चर्च हैं और इन सब इमारतों के बीच हैं छोटे छोटे खूबसूरत शराब खाने (इनमें से एक में हमने भी थोड़ा टाईम गुज़ार लिया)

नहर के दूसरी और आधुनिक इमारतें हैं, जगमगाते बाज़ार और सैलानियों की भीड़।
मुराद ये कि इस शहर में हरेक सैलानी के लिए उसकी पसंद का कुछ ना कुछ ज़रूर है। इसलिए यहाँ भीड़ भाड़ भी खूब रहती है। तीन दिन हो गये। कल लंदन वापस जाना है। वहाँ से जर्मनी।
ये भी जान लीजिए कि हालाँकि आयरलैंड एक अलग देश है लेकिन अगर आप UK से आ रहे हैं तो वीसा की ज़रूरत नहीं है। कहीं और से आ रहे हैं तो “शेनेगन” वीसा होना ज़रूरी है।
