दिलशाद गार्डन के निगम पार्षद वीर सिंह पंवार ने कहा “कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ हैं”

@ प्रजा दत्त डबराल नई दिल्ली :-

भारतीय जनता पार्टी (BJP) 6 अप्रैल को पूरे देश में अपना 46वां स्थापना दिवस बड़े उत्साह और गरिमा के साथ मना रही है। इस ऐतिहासिक अवसर पर राष्ट्रभर में भाजपा के सभी कार्यालयों, मंडलों, और बूथों पर कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है। पार्टी अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने पं. दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को श्रद्धांजलि अर्पित की, वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह सहित कई बड़े नेताओं ने पार्टी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दीं।

दिल्ली के दिलशाद गार्डन में भी भाजपा स्थापना दिवस का आयोजन धूमधाम से सैकड़ों लोगो की उपस्थिति में मनाया गया। निगम पार्षद वीर सिंह पंवार ने अपने पार्षद कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पं. दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को राम नवमी की भी शुभकामनाएं दीं और उन्हें पार्टी की रीढ़ बताया।

वीर सिंह पंवार ने कहा, हमारे सभी मेहनती कार्यकर्ताओं को मेरी शुभकामनाएं, क्योंकि वे ही पार्टी की असली ताकत हैं। वे न केवल पार्टी की नीतियों को जनता तक पहुंचाते हैं, बल्कि हमारे सुशासन के एजेंडे को भी जमीनी स्तर पर साकार करते हैं। इस विशेष दिन पर मैं उन सभी कार्यकर्ताओं को भी याद करता हूं जिन्होंने वर्षों से पार्टी को मजबूत करने के लिए खुद को समर्पित किया है।

पूर्व निगम पार्षद सुनील झा ने भाजपा की ऐतिहासिक उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए अनुच्छेद 370 के उन्मूलन और अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण को विशेष उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा, “भाजपा ने हमेशा राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है और गरीबों, वंचितों व महिलाओं के कल्याण के लिए नीतियां बनाईं हैं।”

पूर्व निगम पार्षद दीप्ति जोशी ने सभी को राम नवमी की बधाई दी और कहा, हमारे लिए देश पहले था, है और हमेशा रहेगा।

पूर्व मंडल अध्यक्ष विकास हांडा ने पार्टी के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसकी नींव 1951 में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी द्वारा भारतीय जनसंघ के रूप में रखी गई थी, जो 1980 में भारतीय जनता पार्टी बनी। उन्होंने बताया कि 1990 के दशक में अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी के नेतृत्व में भाजपा राष्ट्रीय राजनीति में एक मजबूत शक्ति बनकर उभरी।

वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता केदार सिंह चौहान (पूर्व उत्तराखंड प्रकोष्ठ के जिला संयोजक) ने कहा कि हमें पार्टी के पुराने कार्यकर्ताओं को भी याद रखना चाहिए, जिन्होंने संघर्षों के बल पर पार्टी को इस ऊंचाई तक पहुंचाया।

वरिष्ठ नागरिक बी.एस. वर्मा ने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि जब वे किसी बूथ पर जाएं, तो वहां के पुराने जनसंघ या भाजपा कार्यकर्ताओं से जरूर मिलें और उनका सम्मान करें। उन्होंने कहा, “मोदी जी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास, सबका विश्वास’ मंत्र को हमें आत्मसात करना है।

इस कार्यक्रम में अनेक भाजपा कार्यकर्ता और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से अमर सिंह कंडेरा, तारा शर्मा, रेनू शर्मा, रवि शर्मा, रीना शर्मा, गीता अग्रवाल, दीपा बिष्ट, वीरेंद्र, रंजना कुशवाह, राजेश कुशवाह, पुनीत पंवार, किरण जसवाल, इंद्रजीत सिंह रावत, एवं गोपाल शामिल थे।

कार्यक्रम ने न केवल भाजपा की उपलब्धियों को रेखांकित किया, बल्कि कार्यकर्ताओं के उत्साह और समर्पण को भी उजागर किया, जो पार्टी के भविष्य के लिए एक सशक्त संकेत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

en English