उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचन्द बैरवा ने तिरंगा फहराया

@ जयपुर राजस्था

भरतपुर जिले में 76 वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ समारोहपूर्वक मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह पुलिस परेड ग्राउण्ड में आयोजित किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचन्द बैरवा ने ध्वजारोहण कर मार्च पास्ट की सलामी ली।
समारोह में राजस्थान पुलिस, राजस्थान सशस्त्र पुलिस, राजस्थान महिला पुलिस, होम गार्ड, एनसीसी, स्काउट गाइड, पुलिस बैण्ड की टुकडियों ने परेड कमाण्डर पुलिस निरीक्षक नेत्रपाल सिंह के नेतृत्व में मार्च पास्ट किया। पुलिस के बैण्ड की धुनवादन के साथ मुख्य अतिथि ने परेड का निरीक्षण कर मार्च पास्ट की सलामी ली।
समारोह में राज्यपाल के संदेश का पठन अतिरिक्त कलक्टर (प्रशासन) घनश्याम शर्मा ने किया। मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री ने शहीदों की 10 वीरांगनाओं का शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया। दिव्यांगजनों स्कूटी वितरण किया गया। उत्कृष्ट कार्यों के लिए चयनित 66 छात्र-छात्राओं, खिलाड़ियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, अधिकारियों एवं कार्मिकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह में आर्मी स्कूल कंजोली के छात्र-छात्राओं ने ’’मेरे देश की धरती सोना उगले’’, टीएम स्कूल की छात्र-छात्राओं ने ’’वन्दे मातरम’’, सनातमधर्म विद्यालय की छात्र-छात्राओं ने’’ओ देश मेरे’’ गीत पर सामूहिक प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया तथा शहर के 23 विद्यालयों के 1 हजार 532 छात्र-छात्राओं द्वारा शा. शिक्षक विजय सिंह एवं तेजवीर सिंह के नेतृत्व में शारीरिक व्यायाम का प्रदर्शन किया।
समारोह में मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री ने गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाऐं देते हुए कहा कि विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिये युवा हमारे सांस्कृतिक मूल्यों को अपनाकर देश की प्रगति में भागीदार बनें। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सैनानियों ने आजादी दिलाते समय जो सपने संजोये थे उन्हें पूरा करने का समय है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक व्यक्ति, हर वर्ग की भागीदारी से मजबूती आयेगी। स्वामी विवेकानन्द के विचारों को आत्मसात कर युवा हर क्षेत्र में आगे बढने का प्रयास करें। उन्होंने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पंचप्रण पर चलकर हर घर में खुशहाली एवं समृद्धि लाने के लिये आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना को साकार करने का आव्हान किया।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने चहुॅमुखी विकास का खाका तैयार किया है अनेक कल्याणकारी योजनाऐं सफलता के साथ क्रियान्वित की हैं। प्रदेश राईजिंग राजस्थान से औद्योगिक विकास के पथ पर तेजी से आगे बढा रहा है। उन्होंने भरतपुर को महाराजा सूरजमल की कर्मभूमि बताते हुये बजट प्रावधानों से हो रहे विकास कार्यों की चर्चा की तथा पर्यटन के साथ औद्योगिक विकास के क्षेत्र में सुनहरा भविष्य बताया। उन्होंने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार मिलकर प्रत्येक वर्ग का उत्थान, चहुंमुखी विकास व कल्याणकारी योजनाओं के बल पर विकसित भारत संकल्प का सपना साकार करेंगे। उन्होंने प्रदेश में किसान कल्याण के लिए समर्थन मूल्यों में बढ़ोतरी, प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शी व्यवस्था, कानून व्यवस्था से उठाये गये कदमों एवं पर्यटन विकास हेतु लिए गए निर्णयों की चर्चा करते हुए कहा कि सरकार जनआकांक्षाओं पर खरा उतरने का कार्य कर रही है।
झांकियों में दिखाया विकास —
समारोह में विभिन्न विभागों द्वारा झांकियां निकालकर विभागीय योजनाओं एवं निर्णयों से आमजन के जीवन में आये बदलाव एवं विभागीय उपलब्धियों को दर्शाया। पुलिस बैण्ड द्वारा राष्ट्र गान की धुन पर समारोह का समापन किया गया।
समारोह में पुलिस महानिरीक्षक राहुल प्रकाश, जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव, जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा, नगर निगम आयुक्त श्रवण कुमार सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, कर्मचारी एवं समाज के विभिन्न वर्गो के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...