विवाद उत्पन्न करने वाली परिस्थितियों का हो समाधान : राज्यपाल

@ भोपाल मध्यप्रदेश

राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा है कि मध्यस्थता वह प्रक्रिया है, जिसमें हर कोई विजेता होता है क्योंकि मध्यस्थता में विवाद का निपटारा किसी आदेश के द्वारा नहीं होता है, व्यवस्थित चर्चा के द्वारा दो पक्ष समझौते पर पहुंचते है। मध्यस्थता सबके लिए किफायती, जल्द और उत्तरदायी न्याय का सुलभ, सुगम एवं प्रभावी तरीका है।

उन्होंने कहा है कि विवाद को उत्पन्न करने वाली परिस्थितियों के समाधान के लिए समाज और सरकार को मिलकर कार्य करना होगा। समाज की विकृतियों को दूर करने के लिए चिंतन करना होगा। बेहतर समाज निर्माण में प्रबुद्ध वर्ग की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्हें आगे बढ़कर कार्य करना होगा। राज्यपाल पटेल ई-मीडिएशन राईटिंग्स संस्था  वर्षगांठ समारोह को संबोधित कर रहे थे।

राज्यपाल पटेल ने कहा कि विवादों की उत्पत्ति छोटी-छोटी बातों से होती है। बोलने और देखने के तरीकों को लेकर बड़े-बड़े विवाद हो जाते हैं। विवाद बढ़े नहीं, इसके लिए मन-मस्तिष्क की शांति जरूरी है। जरुरी है कि समाज में जागरूकता का ऐसा वातावरण हो, जिसमें सभी हितधारक मध्यस्थता के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण और पहल का प्रदर्शन करें। युवाओं से अनुरोध किया कि वे जन-सामान्य की बोल-चाल की भाषाओं में मध्यस्थता के अवार्ड के न्यायालयीन महत्व के फ़ायदों को समझाने के लिए आगे आए। समर्थ जन गरीबों, वंचितों को सस्ती, सुलभ और तेज न्याय प्रक्रिया के लाभ दिलाने में मध्यस्थता के द्वारा सहयोग करे।

चेयरमैन आर्म्ड फोर्सेज ट्रिब्यूनल न्यायमूर्ति राजेंद्र मेनन ने कहा कि मध्यस्थता समय की मांग है। मध्यस्थता से विवादों के समाधान का नया दौर शुरू होगा। न्यायिक प्रशिक्षण में मध्यस्थता  की संकल्पना में परिवर्तन होगा। उन्होंने बताया कि विधि शिक्षा में अनिवार्य विषय के रूप में मध्यस्थता के पाठ्यक्रम का भी निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मध्यस्थता के संबंध में आर्म्ड फोर्सेज के अधिकारियों के लिए प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई है। प्रशिक्षित अधिकारियों का अनुभव है कि मध्यस्थता संबंधी प्रशिक्षण से उनकी सोच में काफी बदलाव आया है। विवाद के विषय कम हुए है ।

राज्यपाल पटेल ने कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्जवलित कर किया एवं संस्था के कैलेंडर का लोकार्पण किया। राज्यपाल का पौधा भेंटकर स्वागत एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया गया। उपाध्यक्ष मीडिएटर्स इंडिया पश्चिमी क्षेत्र नीना खरे ने स्वागत उद्बोधन में बताया कि ” ई-मीडिएशन राईटिंग्स की चौथी एवं वूमेन इण्डियन चेंबर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्रीज म.प्र. की वर्षगाँठ समारोह में एंपावरिंग-इंडिया-विद-ए-मीडिएशन-माइंडसेट विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर दोनों संस्थाओं की उपलब्धियों का ऑडियो विडियो प्रेजेंटेशन भी दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...