18 महीने में बनकर तैयार होगी ढली सब्जी मंडी : मुख्यमंत्री

@ शिमला हिमाचल :

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शिमला में 13.25 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित ढली बस अड्डा जनता को समर्पित किया और इसका निरीक्षण भी किया। मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने सिर्फ चुनावी दृष्टि से बिना बजट के इस बस अड्डे का शिलान्यास किया था और ऐसा ही ठियोग बस अड्डे के लिए भी किया गया। उन्होंने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार ने बीते और इस वर्ष 5-5 करोड़ रुपये जारी कर 13 करोड़ रुपये की लागत से इसका निर्माण कार्य पूरा करवाया।

मुख्यमंत्री नेे कहा कि यहां 24 करोड़ रुपये की लागत से एचआरटीसी की एक आधुनिक वर्कशॉप भी बनाई जा रही है, जिसका कार्य जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने डबल ईंजन की सरकार के नाम पर प्रदेश की जनता को धोखा दिया। महज चुनाव जीतने के उद्देश्य से 5,000 करोड़ रुपये की रेवड़ियां बांटीं लेकिन प्रदेश की प्रबुद्ध जनता ने उन्हें सत्ता से बेदखल कर दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार बजट का समुचित प्रावधान करने के बाद ही विकासात्मक परियोजनाओं का शिलान्यास कर रही है तथा इन्हें समयबद्ध रूप से पूरा भी किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने ढली में 36 करोड़ रुपये की लागत से सब्जी मंडी के आधुनिकीकरण कार्य की आधारशिला भी रखी। उन्होंने कहा कि एक महीने के भीतर मंडी का आधुनिकीकरण कार्य शुरू हो जाएगा और 18 महीने में इसका कार्य पूरा होगा। उन्होंने कहा कि शिमला में भी सीए स्टोर का निर्माण किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा के दौरान राज्य सरकार ने बागवानों की फसलों को मंडी तक पहुंचाने के लिए समय पर सभी सड़कें बहाल कीं। शिमला और किन्नौर की सड़कों को बहाल करने के लिए 100 करोड़ रुपये जारी किए ताकि बागवानों को आर्थिक नुकसान न हो।

उन्होंने कहा कि आपदा में प्रदेश को 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ लेकिन केंद्र सरकार ने राज्य की कोई मदद नहीं की। प्रदेश सरकार ने अपने संसाधनों से 4,500 करोड़ रुपये का विशेष राहत पैकेज दिया और लोगों को राहत देने के लिए नियमों में बदलाव कर नुकसान पर मिलने वाली मुआवजा राशि को 1.50 लाख रुपये से बढ़ाकर सात लाख रुपये किया है।

उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में अध्यापकों के 6 हजार पद भरे जा रहे हैं। स्वास्थ्य सेवाओं को भी सुदृढ़ किया जा रहा है। आईजीएमसी शिमला में नया ट्रॉमा सेंटर तैयार किया गया है। कैजुएल्टी में एक बेड पर एक मरीज सुनिश्चित किया जा रहा है। डॉक्टरों और नर्सों के लिए भी कार्यस्थल पर बेहतर माहौल प्रदान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही सभी चिकित्सा महाविद्यालयों में आधुनिक तकनीक उपलब्ध करवाई जा रही है, ताकि मरीजों को प्रदेश में ही बेहतर चिकित्सा उपचार उपलब्ध हो सके।

कृषि मंत्री प्रो. चंद्र कुमार ने कहा कि ढली सब्जी मंडी को विकसित करने का मसौदा तैयार कर लिया है और एक माह में इसका निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बेहतर स्थान का चयन कर बहुउद्देशीय मंडी तैयार करने पर विचार कर रही है। इसके साथ ही मंडियों का विस्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे किसान लाभान्वित हो सकें।

राज्य सरकार द्वारा मंडियों का आधुनिकीकरण करने के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर पर जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। किसानों को रेल सुविधा से जोड़ने के लिए रेलवे प्रबंधन से सवंाद जारी है।

इस अवसर पर उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, विधायक हरीश जनारथा, हिमाचल प्रदेश वन विकास निगम के उपाध्यक्ष केहर सिंह खाची, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान, महापौर शिमला सुरेंद्र चौहान, उप-महापौर उमा कौशल, कांगड़ा एपीएमसी के अध्यक्ष नरेंद्र मोंगरा, प्रधान सचिव आर.डी. नजीम, सचिव सी. पालरासू, उपायुक्त अनुपम कश्यप सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और अन्य गणमान्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...