@ पटना बिहार
बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरें…
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रगति यात्रा के दौरान आशियाना-दीघा रोड स्थित राजीवनगर नाला एवं आनंदपुरी नाला पर प्रस्तावित फोरलेन सड़क निर्माण का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि इस सड़क के निर्माण से दो लाख की आबादी को लाभ होगा। इसकी अनुमानित लागत 180.99 करोड़ रुपये और लंबाई 4.26 कि.मी. होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन पथों के निर्माण से शहर में लोगों को आवागमन के और भी विकल्प मिलेंगे। साथ ही स्थानीय लोगों को भी आने-जाने में सहूलियत होगी। इन सब पथों के निर्माण से पटना में और पटना शहर के बाहर आने-जाने के लिए और भी विकल्प उपलब्ध होंगे।

. नीतीश कुमार ने कदमकुआं में 903.376 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित दो मंजिला वेंडिंग मार्केट का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने इसकी सराहना करते हुए कहा कि यह बहुत अच्छा बना है। इस मार्केट के बन जाने से स्थानीय सब्जी एवं फल विक्रेताओं को एक ही छत के नीचे विक्रय हेतु सारी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही सड़क से अतिक्रमण हटेगा और आवागमन सुलभ होगा।

. मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश के गाजीपुर स्थित बिरना थाना के पास बनारस- गोरखपुर हाई-वे पर हुई सड़क दुर्घटना पर बिहार के अररिया जिले के रहने वाले 04 लोगों की मौत पर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह घटना अत्यंत दु:खद है।

. नीतीश कुमार ने भोजपुर जिले के जगदीशपुर के इसाड़ी गांव के पास कार और ट्रक की टक्कर में 06 लोगों की मौत पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने इस घटना को काफी दु:खद बताया।

. पूर्णिया के जिलाधिकारी कुंदन कुमार की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया कि सभी बच्चों का घर के नजदीक विद्यालय में नामांकन हो तथा कोई भी बच्चा विद्यालय जाने से वंचित न रहे, यह सुनिश्चित करें।

औरंगाबाद के जिलाधिकारी कांत शास्त्री ने दाउदनगर अनुमंडल के अंतर्गत 4 राईस गोदामों का निरीक्षण किया। उन्होंने सीएमआर अंतर्गत (कस्टम मिल्ड चावल) अरवा चावल के गुणवत्ता की जांच की।

सुपौल के जिलाधिकारी कौशल कुमार ने पिपरा प्रखंड के दीनापट्टी में निर्माणाधीन लोहिया मेडिकल कॉलेज, सुपौल का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य में और तेजी लाने के निर्देश दिये।

. बक्सर के जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री निजी नलकूप योजना एवं लघु सिंचाई विभाग की समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योजनाएं के क्रियान्वयन को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिये।

अरवल के जिलाधिकारी कुमार गौरव की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन हुआ। उन्होंने जनता दरबार में आये कुल 25 फरियादियों की समस्याएं सुनी एवं समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को समुचित कार्रवाई के निर्देश दिये।