@ पटना बिहार :-
बिहार में वायु सेना की सूर्य किरण एयरोबैटिक टीम ने पटना में आयोजित एयरशो में मनमोहक हवाई कलाबाजी और शानदार एयर शो से लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। सूर्य किरण के जांबाजों ने सबसे पहले वायुसेना के हेलिकॉप्टर से पैराग्लाइडिंग शो का प्रदर्शन किया और आसमान में राष्ट्रीय ध्वज लहराया। दो दिवसीय कार्यक्रम में वायुसेना के सूर्य किरण विमानों का शानदार प्रदर्शन और करतब शामिल है।


नाइन हॉक लड़ाकू विमानों ने भी हैरतअंगेज करतब और हवाई कलाबाजी का प्रदर्शन किया। यह कार्यक्रम बिहार के भोजपुर में 1857 की क्रांति के महान स्वतंत्रता सेनानी बाबू कुंवर सिंह के शौर्य दिवस विजयोत्सव के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री के साथ उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, विधानसभा अध्यक्ष नंद किशोर यादव, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, ऊर्जा मंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी, सहकारिता मंत्री डॉ. प्रेम कुमार, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री नीरज कुमार सिंह और सांसद राजीव प्रताप रूडी सहित कई वरिष्ठ नेता और अधिकारी भी मौजूद रहे। हजारों की संख्या में आम जनता ने भी इस आयोजन को देखा और वीर कुंवर सिंह के शौर्य को याद किया।
इस अद्भुत प्रदर्शन को देखकर मंत्री डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि यह दिन बिहार के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा। वीर कुंवर सिंह जैसे योद्धाओं के बलिदान को आज की पीढ़ी को जानना चाहिए। उन्होंने भारतीय वायु सेना की सूर्य किरण टीम की सराहना करते हुए कहा कि यह प्रदर्शन सेना की तैयारी और परिपक्वता का प्रतीक है।
सांसद राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि बिहार में ऐसा भव्य आयोजन पहले कभी नहीं देखा गया। सूर्य किरण टीम द्वारा किया गया यह हवाई प्रदर्शन स्वतंत्रता संग्राम के महायोद्धा वीर कुंवर सिंह को एक सलामी थी, जिन्होंने अपनी बाजू काटकर गंगा में प्रवाहित कर दी थी। यह आयोजन न सिर्फ वीरता की याद दिलाने वाला था, बल्कि युवाओं में देशभक्ति की भावना भी जागृत करने वाला साबित हुआ।
