@ पटना बिहार
बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरे :-
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर प्रदेश एवं देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि भगवान बुद्ध का जीवन हर किसी के लिए प्रेरणादायी है। उनके जीवन दर्शन से हमें प्रेम, शांति, सद्भाव, त्याग, अहिंसा एवं संयम जैसे गुणों को अपनाने की प्रेरणा मिलती है। भगवान बुद्ध के बताए हुए अष्टांगिक मार्ग पर चलकर मनुष्य सम्यक और संतुलित जीवन यापन करने में सक्षम हो सकता है। भगवान बुद्ध की शिक्षा को आत्मसात कर हम आपसी प्रेम और सद्भाव की भावना और मजबूत करें।

नीतीश कुमार ने भगवान बुद्ध की जयंती के अवसर पर बुद्ध स्मृति पार्क में आयोजित विशेष कार्यक्रम में भगवान बुद्ध की पूजा-अर्चना की। इस मौके पर मुख्यमंत्री को बौद्ध भंते द्वारा बुद्ध स्मृति पार्क में स्थापित भगवान बुद्ध की प्रतिमा, बोधगया के बोधिवृक्ष, आनंद बोधि वृक्ष तथा लंका के अनुराधापुरम से लाये गए बोधि वृक्ष की पूजा अर्चना करायी गई। साथ ही उन्होंने एक अणे मार्ग स्थित आवास में बौद्ध शिला तथा बोधिवृक्ष की भी पूजा अर्चना की।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पूर्व मंत्री रामानंद प्रसाद सिंह के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा कि रामानंद प्रसाद सिंह लोकप्रिय राजनेता एवं समाजसेवी थे। वह खगड़िया जिला के परबत्ता विधानसभा क्षेत्र से 5 बार विधायक बने और अपने क्षेत्र में लोगों के बीच काफी सक्रिय रहते थे। राज्य सरकार में मंत्री रहते हुए उन्होंने अपनी जिम्मेवारियों का बेहतर ढंग से निवर्हन किया। उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पूर्वी चम्पारण जिले के पकड़ी दयाल प्रखण्ड के जदयू के पूर्व अध्यक्ष जितेन्द्र पटेल के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा है कि जितेन्द्र पटेल पार्टी के कार्यों में हमेशा सक्रिय रहते थे। सामाजिक कार्यों में भी उनकी गहरी अभिरूचि थी। उनके निधन से जदयू पार्टी को अपूरणीय क्षति हुई है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जम्मू के आरएसपुरा सेक्टर में पाकिस्तान सेना द्वारा फायरिंग में बिहार के सारण जिले के गरखा थाना क्षेत्र के नरायणपुर गांव के निवासी BSF के सब इंस्पेक्टर मोहम्मद इम्तियाज के शहीद होने पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा है कि उनकी शहादत को देश हमेशा याद रखेगा। वे इस घटना से काफी मर्माहत हैं।

मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन की अध्यक्षता में जिला अंतर्गत बागमती परियोजना के विस्तारीकरण के निमित्त भू-अर्जन एवं पुनर्वासन मामलों की समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिये।

औरंगाबाद के जिलाधिकारी कान्त शास्त्री की अध्यक्षता में जिला कृषि टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वह अपने-अपने विभाग में सरकार द्वारा संचालित कृषि योजनाओं का पारदर्शिता के साथ प्रचार- प्रसार कर किसानों तक लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करें।

जहानाबाद की जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय द्वारा घोसी प्रखंड के परावन गांव में वृक्षारोपण व ड्रिप इरिगेशन कार्य का निरीक्षण किया गया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण और कृषि नवाचार की दिशा में यह सार्थक पहल है।

नालंदा के जिलाधिकारी शशांक शुभंकर की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन हुआ। उन्होंने जनता दरबार में आये कुल 23 आवेदकों की समस्याएं सुनी एवं उसके निदान हेतु उन्होंने संबंधित अधिकारियों को उचित कार्रवाई के निर्देश दिए।