@ पटना बिहार
बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरे :-
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में बिहार कैबिनेट की बैठक हुई। बैठक में कुल 47 एजेंडों पर मुहर लगाई गयी।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बिहार कैबिनेट ने नये पदों पर बहाली की मंजूरी दी है। इसके अलावा शाहाबाद क्षेत्र में जलापूर्ति एवं सीवरेज पर खर्च करने की भी स्वीकृति दी है। साथ ही बक्सर जिले में अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय के तहत स्कूल भवन निर्माण के लिए 5537.56 लाख रुपये की राशि जारी की है। शिक्षा, नगर विकास, पथ निर्माण, मंत्रिमंडल सचिवालय, समाज कल्याण समेत कई विभागों में नये पदों के सृजन पर फैसला दिया है।

जल संसाधन विभाग के सचिव संतोष कुमार मल्ल की अध्यक्षता में जल-जीवन-हरियाली दिवस पर आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में गंगा जल आपूर्ति योजना’ विषय पर परिचर्चा हुई। कार्यक्रम में ‘पेयजल संकट वाले क्षेत्रों में सुचारू रूप से पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने एवं पेयजल से संबंधित समस्याओं के निदान पर विचार-विमर्श किया गया।

डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने सरकार की अधिसूचना के आलोक में पटना के नये जिलाधिकारी के रूप में पदभार ग्रहण किया। उन्होंने पदभार ग्रहण करने के बाद कहा कि पारदर्शिता, उत्तरदायित्व एवं संवेदनशीलता के साथ योजनाओं का सफल क्रियान्वयन किया जाएगा।

किशनगंज के जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी विशाल राज द्वारा विश्व साइकिल दिवस पर मतदाता जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस मौके पर समाहरणालय सभागार से गांधी चौक तक साइकिल रैली निकाली गयी।

जहानाबाद की जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय की अध्यक्षता में जिला पर्यावरण समिति की बैठक हुई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिये। बैठक में भारतीय वन सेवा के अधिकारी शशिकांत कुमार, वन प्रमंडल पदाधिकारी, गया मौजूद रहे।

भागलपुर के जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों के लंबित कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित कार्यों का शीघ्र निष्पादन करें।

अरवल के जिलाधिकारी कुमार गौरव द्वारा बिहार सरकार की महत्वपूर्ण पहल के तहत 14 दिव्यांगजनों को बैटरी चालित साइकिल का वितरण किया गया। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाना और उनके जीवन में सुविधा एवं गतिशीलता सुनिश्चित करना है।