@ पटना बिहार
बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरे :-
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मुहर्रम के अवसर पर कर्बला के शहीदों एवं हजरत इमाम हुसैन की कुर्बानियों को नमन किया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि मैदान-ए-कर्बला में अन्याय, जुल्म, अहंकार के विरूद्ध हक और सच्चाई के लिए हजरत इमाम हुसैन और उनके 72 साथियों द्वारा दी गई कुर्बानी अमर है। इसे कयामत तक याद किया जायेगा। इससे प्रेरणा लेकर हमें इंसानियत, सच्चाई और भलाई के लिए बड़ी से बड़ी कुर्बानी देने के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिये।उन्होंने मुहर्रम के अवसर पर राज्यवासियों से अपील करते हुए कहा कि हजरत इमाम हुसैन की कुर्बानियों को याद करते हुए उनके आदर्शों को अपनाएं।

सूबे में विधि-व्यवस्था बनाये रखने हेतु राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विधि-व्यवस्था की समीक्षा बैठक में कहा कि विधि-व्यवस्था राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अपराध करनेवाले कोई भी हों, उन्हें किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाये। उन्होंने कहा कि घटित आपराधिक घटनाओं के अनुसंधान कार्यों में तेजी लाएं और इसे ससमय पूर्ण करें ताकि दोषियों पर त्वरित कार्रवाई हो सके। कानून व्यवस्था को बनाये रखने के लिये पुलिस और प्रशासन पूरी मुश्तैदी से कार्य करें।

नीतीश कुमार ने विधि-व्यवस्था की समीक्षा बैठक में कहा कि अपराध के कारणों की पूरी तहकीकात कर दोषी की पहचान करें और बिना किसी भेदभाव के उन पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें। यदि आपराधिक घटना के पीछे किसी प्रकार की साजिश है तो उसकी भी जांच की जाये और जांचोपरांत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाये।

पटना के जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. द्वारा फुलवारीशरीफ प्रखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य का निरीक्षण किया गया। इस मौके पर उन्होंने लोगों से फीडबैक प्राप्त किया।

बक्सर के जिलाधिकारी डॉ. विद्यानंद सिंह की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन हुआ। उन्होंने जनता दरबार में आये कुल 66 फरियादियों की समस्याएं सुनी एवं समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को उचित कार्रवाई के निर्देश दिये।

रोहतास की जिलाधिकारी उदिता सिंह की अध्यक्षता में बिहार लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम के तहत द्वितीय अपीलीय आवेदनों पर सुनवाई हुई। उन्होंने प्राप्त कुल 16 आवेदनों का ऑन-द-स्पॉट समाधान किया।

बांका के जिलाधिकारी नवदीप शुक्ला की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने अस्पतालों में भर्ती मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवा, दवा की उपलब्धता समेत कई महत्वपूर्ण निर्देश दिये।

औरंगाबाद के जिलाधिकारी कांत शास्त्री ने सदर अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न वार्डों, आपातकालीन कक्ष, औषधि वितरण केन्द्र, सफाई व्यवस्था एवं चिकित्सकीय सेवाओं की जांच की। साथ ही अस्पताल में भर्ती मरीजों से बातचीत कर मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।