@ गांधीनगर गुजरात :-
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने गुजरात राज्य सड़क परिवहन (एसटी) निगम में नई नियुक्ति पाने वाले 2320 कंडक्टर स्तरीय युवाओं तथा जलापूर्ति बोर्ड में नवनियुक्त विभिन्न संवर्गों के 144 अधिकारियों को शुक्रवार को गांधीनगर स्थित महात्मा मंदिर में आयोजित गौरवशाली समारोह में नियुक्ति पत्र प्रदान किए। मुख्यमंत्री ने इस नए युवा मानव बल को डेमोग्राफिक डिविडेंड बताते हुए कहा कि इस युवा शक्ति की सेवाओं से विकसित भारत@2047 के लिए विकसित गुजरात@2047 के निर्माण में नई गति आएगी।

उन्होंने जोड़ा कि एसटी सेवाएँ साधारण से साधारण मानव के जीवन को गति देती हैं और पानी प्रत्येक मानव के जीवन का आधार है। ये दोनों क्षेत्र राज्य के विकास में बहुत महत्वपूर्ण हैं। मुख्यमंत्री ने इस संदर्भ में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विजनरी लीडरशिप में गुजरात देश के विकास का रोल मॉडल बना है। उन्होंने जोड़ा कि एक समय पानी की किल्लत का सामना करने वाला गुजरात आज सुदृढ़ जल प्रबंधन, विशाल वॉटर ग्रिड तथा नर्मदा के जल से जल क्रांति करने वाला राज्य बना है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने यह भी कहा कि गाँव के या शहर के; सभी के परिवहन की जीवन डोर समान एसटी सेवा में सेवारत हो रहे कंडक्टर स्तरीय उम्मीदवारों के लिए भी जन सेवा का बड़ा ईश्वरीय अवसर आया है।
उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा सस्ती, अच्छी, सुरक्षित एवं टेक्नोलॉजी से युक्त परिवहन सेवा देने के संकल्प से एसटी में किए गए कायाकल्प की विशेष भूमिका दी। पटेल ने कहा कि जन सेवा के इन कार्यों में कर्मचारी यूनियनों ने भी सहयोग देकर एसटी सेवाएँ अनावरत बनाए रखी हैं। आज नई एसी वॉल्वो बसें, स्लीपर कोच तथा इलेक्ट्रिक बसें राज्य की सड़कों पर चल रही हैं। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा सरकार की सेवाओं में ऑनलाइन भर्ती प्रक्रिया शुरू कराए जाने का उल्लेख करते हुए जोड़ा कि इसके परिणामस्वरूप भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता तथा गति; दोनों आई हैं।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य सरकार के विभागों में शुरू किए गए दस वर्षीय भर्ती कैलेंडर से मैन पावर प्लानिंग द्वारा युवा, टेक्नोसेवी तथा राष्ट्रहित समर्पित विचारों से युक्त मानव बल मिलेगा। मुख्यमंत्री ने नई नियुक्ति पा रहे सभी को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने अमृतकाल की युवा पीढ़ी को अमृत पीढ़ी बताते हुए नवनियुक्ति युवाकर्मियों का आह्वान किया कि वे स्वतंत्रता प्राप्ति की शताब्दी पर विकसित भारत के निर्माण का प्रधानमंत्री का लक्ष्य स्वच्छता, जल बचाओ जैसे संकल्पों से साकार करें। सरकारी सेवा में जुड़ने वाले सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को अभिनंदन देते हुए जलापूर्ति मंत्री कुँवरजीभाई बावळिया ने कहा, “आज आप सभी प्रतियोगी परीक्षा के उम्मीदवार से सरकारी सेवक बने हैं।
राज्य के सुदूरवर्ती नागरिकों तक पानी पहुँचाने के महत्वपूर्ण कार्य में आप सभी को सेतुरूपी भूमिका निभानी है।” उन्होंने कहा कि जल संसाधन एवं जलापूर्ति विभाग में आगामी वर्षों में 3542 नए पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी। बावळिया ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा बनाई गई विकास की पगडंडी पर गुजरात मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में तेजी से आगे बढ़ रहा है। आज सरकारी सेवा में जुड़ने वाले सभी का विकास की इस अविरत यात्रा को आगे बढ़ाने का दायित्व है। उन्होंने आज नियुक्ति पाने वाले सरकार के सभी सेवकों से पूर्ण निष्ठा, दायित्व तथा प्रामाणिकता से कार्य कर लोक सेवा में अपना योगदान देने का अनुरोध किया।
एसटी निगम के कंडक्टर स्तरीय 2320 उम्मीदवारों तथा जलापूर्ति विभाग के विभिन्न संवर्गों में नियुक्ति प्राप्त करने वाले उम्मीदवारों को शुभकामनाएँ देते हुए परिवहन राज्य मंत्री हर्ष संघवी ने कहा कि “राज्य सरकार द्वारा विभिन्न टेक्नोलॉजी का उपयोग कर ली गई परीक्षा में अपनी कुशलता से उत्तीर्ण होकर एसटी परिवार में जुड़ने के लिए सभी 2320 उम्मीदवारों को मैं अभिनंदन देता हूँ।” उन्होंने कहा कि गुजरात एसटी केवल एक परिवहन व्यवस्था नहीं है, अपितु गुजरात के प्रत्येक नागरिक की लाइफलाइन है। एसटी की बसें सुदूरवर्ती-दूरदराजी गाँवों से लेकर नगरों तक सभी नागरिकों को परिवहन की सुविधा देती हैं।
संघवी ने आगे जोड़ा कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के मार्गदर्शन में एसटी के अधिकारियों के विजन से तथा कर्मचारियों की शक्ति-क्षमता से नागरिकों की सुविधा में न केवल वृद्धि हुई है, बल्कि एसटी निगम गुजरात में परिवहन क्षेत्र में रिकॉर्डब्रेक सेवा दे रहा है। गुजरात एसटी गुजरात का गौरव है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल का विजन है कि कोई भी नागरिक निजी वाहनों का उपयोग कम करे। उनकी इस मंशा को ध्यान में लेकर एक वर्ष में 2905 नई बसें यात्रियों के लिए जोड़ी गई हैं। सर्वाधिक वॉल्वो बसों के साथ-साथ 27 नए बस स्टेशनों द्वारा राज्य के नागरिकों की सुविधा में वृद्धि की गई है। इसके अतिरिक्त; 13 नए वर्क स्टेशन शुरू किए गए हैं तथा 35 नई प्रोजेक्टों का शिलान्यास किया गया है, जिनमें 20 बस स्टेशन तथा 15 डिपो शामिल किए गए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के मार्गदर्शन में हम दैनिक 22 लाख यात्रियों से 25 लाख यात्रियों तक पहुँचे हैं और वर्ष 2027 से पहले गुजरात के 30 लाख यात्री एसटी बसों में यात्रा कर सकें; ऐसी व्यवस्था शुरू करने की तैयारी एसटी निगम कर रहा है।
परिवहन विभाग के प्रधान सचिव आर. सी. मीणा ने एसटी परिवार में शामिल होने जा रहे नए कंडक्टर मित्रों का स्वागत कर उन्हें सफल कॅरियर के लिए शुभकामनाएँ दीं। एसटी निगम के प्रबंध निदेशक एम. नागराजन ने कार्यक्रम में सहभागी होने के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।
इस कार्यक्रम में गांधीनगर की महापौर मीराबेन पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष शिल्पाबेन पटेल, विधायक रीटाबेन पटेल, अल्पेशभाई ठाकोर, जयंतीभाई पटेल, बलराजसिंह चौहाण, शहर भाजपा अध्यक्ष आशीष दवे, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव एम. के. दास, जलापूर्ति विभाग की प्रधान सचिव शाहमीना हुसैन, जलापूर्ति विभाग व एसटी विभाग के उच्चाधिकारी-कर्मचारी, एसटी कर्मचारी महामंडल संघ, एसटी मजदूर महामंडल संघ, एसटी वर्कशॉप महामंडल संघ के पदाधिकारी, नवनियुक्त अधिकारी-कर्मचारी एवं उनके माता-पिता-परिजन उपस्थित रहे।
