आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए उठाए गए कदम

@ नई दिल्ली :- 

राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों की ओर से आयुष्मान आरोग्य मंदिर (एएएम) पोर्टल पर दी गई जानकारी के अनुसार, भारत में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में कुल 1,78,154 आयुष्मान आरोग्य मंदिर (एएएम) चलाए जा रहे हैं।

आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से, उप-स्वास्थ्य केंद्रों (एसएचसी) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) को सुदृढ़ करके व्यापक रूप से प्राथमिक स्वास्थ्य सेवा प्रदान की जाती है। यह आयुष्मान आरोग्य मंदिर संचारी रोगों, गैर-संचारी रोगों (एनसीडी), प्रजनन और बाल स्वास्थ्य सेवाओं तथा स्वास्थ्य संबंधी अन्य समस्याओं सहित सेवाओं की विस्तृत श्रृंखला के लिए निवारक, प्रोत्साहन, पुनर्वास और उपचार से जुड़ी देखभाल की सुविधाएं प्रदान करते हैं।

प्राथमिक स्वास्थ्य सेवा टीमें रोगों से जुड़े जोखिम के कारकों की पहचान के लिए घर-घर जाकर लोगों से पता लगाती हैं और फिर उसके बाद आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में जांच की जाती है। इससे गैर-संचारी रोगों का शीघ्र पता लगाया जा सकता है, और उसके बाद विशेषज्ञ डॉक्टरों की ओर से उपचार के प्रबंध के लिए रोगियों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और उच्चतर केंद्रों में भेजा जा सकता है।

देश भर में ग्रामीण क्षेत्रों सहित सभी जगहों पर चलाए जा रहे आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में उपलब्ध टेली-परामर्श सेवाएं लोगों को अपने घरों के नज़दीक विशेषज्ञ सेवाएं प्राप्त करने में सक्षम बनाती हैं, जिससे डॉक्टरों तक उनकी भौतिक पहुंच, सेवा प्रदाताओं की कमी जैसी चिंताओं का समाधान होता है और निरंतर देखभाल सुनिश्चित होती है। आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में इस तरह के कुल 38.13 करोड़ टेली-परामर्श आयोजित किए गए हैं।

रोगों के उपचार के प्रबंध के अतिरिक्त प्रोत्साहन और निवारक स्वास्थ्य सेवाएं व्यापक प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल का अभिन्न अंग है। आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में योग, साइकिलिंग और ध्यान जैसी स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियां आयोजित की जाती हैं। आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में इस तरह के कुल 5.79 करोड़ स्वास्थ्य सत्र आयोजित किए गए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री श्री प्रतापराव जाधव ने आज राज्यसभा में एक लिखित उत्तर में यह जानकारी दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...