@ पटना बिहार
बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरें…
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रक्षाबंधन के पावन पर्व के अवसर पर प्रदेश एवं देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनायें दी। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के बीच प्यार एवं स्नेह का त्योहार है। रक्षाबंधन के दिन बहने अपने भाई की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधती हैं और बदले में भाई जीवन भर उनकी रक्षा करने का वचन देते हैं। राज्य सरकार महिलाओं की सुरक्षा एवं महिला सशक्तिकरण के लिये प्रतिबद्ध है। आज के दिन हम सभी को महिलाओं की सुरक्षा एवं उनके सशक्तिकरण का संकल्प लेना चाहिये।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रक्षाबंधन एवं ‘बिहार वृक्ष सुरक्षा दिवस’ के पावन अवसर पर आज पटना स्थित राजधानी वाटिका में वृक्ष को रक्षा सूत्र बांधा। साथ ही उन्होंने राजधानी वाटिका में पौधे का रोपण भी किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. सुनील कुमार, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की अपर मुख्य सचिव हरजोत कौर बम्हरा समेत कई वरीय अधिकारीगण शामिल हुए।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि 13 अगस्त 2012 को रक्षाबंधन के शुभ अवसर पर “बिहार वृक्ष सुरक्षा दिवस” का शुभारंभ किया गया था। इसका उद्देश्य है कि पर्यावरण के प्रति लोग जागरूक हों, पौधों को संरक्षित करें और अधिक से अधिक वृक्षारोपण करें। जलवायु परिवर्तन से पृथ्वी पर हो रहे नुकसान को कम करने के लिए वृक्षारोपण करना एवं इन्हें बचाना अतिआवश्यक है।

पटना के जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम की अध्यक्षता में निर्वाचक सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान, 2025 के प्रगति की समीक्षा हुई। सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।

सुपौल के जिलाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में जिलास्तरीय कृषि टॉस्क फोर्स की बैठक हुई। बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी, सुपौल ने बताया कि वर्तमान में 83% खरीफ फसलों का आच्छादन हुआ हैl

बेगूसराय के जिलाधिकारी तुषार सिंगला द्वारा जिला अन्तर्गत चकिया के पास निर्माणाधीन रोड ओवर ब्रिज का स्थल निरीक्षण किया गया। उन्होंने निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिये। भ्रमण के क्रम जिला परिवहन पदाधिकारी ,जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता पथ प्रमंडल, बुडको के कार्यकारी निदेशक, परियोजना निदेशक NHAI एवं अन्य पदाधिकारीगण मौजूद रहे।

दरभंगा के जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में पेयजल संकट के स्थायी समाधान को लेकर बैठक हुई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जिले में खराब चापाकल की मरम् कर शीघ्र चालू करने के निर्देश दिये ताकि लोगों के बीच निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।

मोतिहारी के जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल की अध्यक्षता में जिला कृषि टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने उर्वरकों के नियमित आपूर्ति सुनिश्चित कराने तथा नहर के अंतिम छोर तक सिंचाई की पानी को किसानों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिये।