@ पटना बिहार
बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरे :-
79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सीएम आवास में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने झंडोत्तोलन किया। इस मौके पर उन्होंने परेड की सलामी ली।

नीतीश कुमार ने 79वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर पटना के गांधी मैदान में झंडोत्तोलन किया। इस मौके पर उन्होंने राज्य एवं देशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। आज का दिन हम सभी भारतवासियों के लिए गौरव का दिन है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रभक्तों के साहस, त्याग एवं बलिदान के फलस्वरूप 15 अगस्त 1947 के दिन हमारा देश आजाद हुआ। मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम में प्राणों की आहूति देने वाले तमाम वीर सपूतों एवं सभी स्वतंत्रता सेनानियों को भी नमन करते हुए कहा कि उनकी बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता है। देश की रक्षा करने वाले भारतीय सेना का हम अभिनंदन करते हैं। इतिहास गवाह है कि बिहार ने स्वतंत्रता आनंदोलन में अग्रणी भूमिका निभाई, बिहार के लोगों ने हमेशा राष्ट्र निर्माण में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया और देश की लोकतंत्र को मजबूती प्रदान की है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य में कानून का राज बनाये रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सरकार द्वारा अपराध नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था संधारण के लिए सभी आयामों पर योजनाबद्ध तरीके से काम किया गया। वर्ष 2005 में बिहार में पुलिस बल की संख्या मात्र 42 हजार 481 थी, जो जरूरत के हिसाब से बहुत कम थी, इसलिए शुरू से ही पुलिस बल की संख्या को बढ़ाने पर जोर दिया गया अब पुलिस की संख्या बढ़कर 01 लाख 10 हजार हो गयी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 में पुलिस की संख्या को और बढ़ाने के लिए पदों की संख्या को बढ़ाकर 2 लाख 29 हजार तय किया गया और अब उसके लिए काम शुरू हो गया जो कि अब पुलिस बल की संख्या 1 लाख 31 हजार हो गयी है और नियुक्ति प्रक्रिया तेजी से जारी है।

79वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर पटना के गांधी मैदान में राज्य सरकार के विभिन्न विभागों द्वारा 13 झांकियां निकाली गयी। इसमें शिक्षा परियोजना परिषद् को प्रथम स्थान, निदेशालय बिहार अग्निशमन सेवा, गृह विभाग को दूसरा स्थान एवं कृषि निदेशालय को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ।

79वें स्वंतत्रता दिवस के अवसर पर के पुनपुन प्रखंड के डेहरी महादलित टोला में सबसे बुजुर्ग शख्स ने झंडोत्तोलन किया। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शामिल हुए।

राज्य के युवाओं को सरकारी नौकरी एवं रोजगार के अधिक अवसर प्रदान करने के लिए तथा उनका भविष्य सुरक्षित करने के लिए हमारी सरकार ने कई ठोस कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि अब हमलोगों ने युवाओं के हित में एक निर्णय और लिया है। मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि राज्यस्तरीय सरकारी नौकरी हेतु सभी आयोगों (बिहार लोक सेवा आयोग/ बिहार कर्मचारी चयन आयोग/ बिहार तकनीकी सेवा आयोग/ बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग/ केन्द्रीय सिपाही चयन पर्षद आदि) के द्वारा आयोजित की जाने वाली प्रारंभिक (PT) प्रतियोगिता परीक्षाओं के शुल्क में एकरूपता लाते हुए अभ्यर्थियों को परीक्षा शुल्क में बड़ी छूट प्रदान करने का निर्णय लिया गया है। अब प्रारंभिक (PT) प्रतियोगिता परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए मात्र 100 रूपए का शुल्क रखने का निर्देश दिया गया है। वहीं प्रारंभिक (PT) परीक्षा पास कर मुख्य परीक्षा (Mains) में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अब कोई भी परीक्षा शुल्क नहीं देना होगा। राज्य सरकार के इस कदम से लाखों युवाओं को लाभ होगा। राज्य में अधिक से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी और रोजगार मिले, ये शुरू से ही हमारी प्राथमिकता रही है। राज्य सरकार की इस पहल से युवा और प्रोत्साहित होकर अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकेंगे।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने चेहल्लुम के अवसर पर हजरत इमाम हुसैन और कर्बला के तमाम शहीदों को याद करते हुए उन्हें अपनी श्रद्धांजलि पेश की और कहा कि हजरत इमाम हुसैन की कुर्बानी अमर है। हम सबको इससे प्रेरणा लेकर नफरत के विरूद्ध इंसाफ, सच्चाई, भलाई और हक के परचम को बुलंद रखने का संकल्प लेना चाहिए। यही हजरत इमाम हुसैन और कर्बला के तमाम शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। मुख्यमंत्री ने चेहल्लुम को आपसी भाईचारा, पारस्परिक प्रेम, सामाजिक सद्भाव, शांतिपूर्ण एवं सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में मनाये जाने की प्रदेश एवं देशवासियों से अपील की।

गयाजी के जिलाधिकारी शशांक शुभंकर की अध्यक्षता में भू-अभिलेखों को अद्यतन करने को लेकर राजस्व महा-अभियान को लेकर बैठक हुई। उन्होंने बताया कि यह अभियान 16 अगस्त से 20 सितंबर तक चलेगी, जिसमें नाम, खेसरा, रकबा, लगान जैसी कई अशुद्धियां दुरूस्त होंगी।

बेगूसराय के जिलाधिकारी तुषार सिंगला द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरंतर भ्रमण के क्रम में तेघड़ा के रातगांव पंचायत में नदियों के जलस्तर का जायजा तथा कम्युनिटी किचेन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जलस्तर की सतत् निगरानी एवं प्रभावित लोगों को हरसंभव मदद पहुंचाने के निर्देश दिये।

दरभंगा के जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में बिहार विधानसभा आम निर्वाचन, 2025 को सफलतापूर्वक एवं सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए सभी मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता को लेकर बैठक हुई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिये।