@ हरिनगर नई दिल्ली :-
ब्रह्माकुमारीज़ हरिनगर सेवाकेंद्र पर श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में भव्य झांकियों का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में गोवर्धन पर्वत, श्रीकृष्ण रास लीला, कालिया नाग पर विजय, गोकुल गांव, सुदामा-कृष्ण प्रसंग और रूकमणी-कृष्ण विवाह जैसे विभिन्न दृश्यों का सजीव चित्रण किया गया। साथ ही कलयुग से सतयुग में परिवर्तन अर्थात् संगम युग की झांकी ने सभी का विशेष ध्यान आकर्षित किया।

सुंदर परिधानों और रंग-बिरंगी रोशनियों से सजी इन झांकियों को देखने के लिए शाम से ही सेवाकेंद्र पर भक्तों का आना-जाना लगा रहा। रात को तो प्रदर्शनी स्थल पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
इस प्रदर्शनी का शुभारंभ दिल्ली सरकार के जल मंत्री एवं पीडब्ल्यूडी मंत्री परवेश साहिब सिंह वर्मा और हरिनगर के विधायक श्याम शर्मा ने रिबन काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस अवसर पर दिल्ली ज़ोन की डायरेक्टर बीके शुक्ला दीदी ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए झांकियों के महत्व और राजयोग साधना की आवश्यकता बताई। उन्होंने भक्तों को माखन-मिश्री और जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में केक भी वितरित किया।
कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ कुछ विदेशी भी पहुंचे, जिन्होंने भारतीय संस्कृति और श्रीकृष्ण लीला को बड़ी उत्सुकता से देखा। सेवाकेंद्र पर राजयोग साहित्य का विशेष बुक स्टॉल भी लगाया गया था।
साथ ही यह जानकारी दी गई कि रविवार से तीन दिवसीय शिविर का आयोजन होगा, जिसमें सभी को निःशुल्क राजयोग मेडिटेशन कोर्स कराया जाएगा।
