@ पटना बिहार
बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरे :-
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सम्राट अशोक कन्वेंशन केंद्र स्थित बापू सभागार में बिहार राज्य मदरसा शिक्षा बोर्ड, पटना के शताब्दी समारोह का उद्घाटन किया। बिहार राज्य मदरसा शिक्षा बोर्ड द्वारा प्रकाशित स्मारिका का विमोचन भी किया गया। इस मौके पर जल संसाधन-सह-संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमा खान, शिक्षा मंत्री सुनील कुमार, ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी, बिहार राज्य मदरसा शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष सलीम परवेज समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार राज्य मदरसा शिक्षा बोर्ड के शताब्दी समारोह के उद्घाटन समारोह में कहा कि यह बहुत खुशी की बात है कि इसका सौ वर्ष पूरा हो चुका है, जिसका आज शताब्दी समारोह मनाया जा रहा है। इस समारोह में मदरसा से जुड़े 15 हजार से अधिक लोग शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक कल्याण विभाग का बजट 2004-05 में मात्र 3 करोड़ 54 लाख रुपये था जो अब बढ़कर 1080 करोड़ रुपये हो गया है। साथ ही मुस्लिम वर्ग के युवक-युवतियों को रोजगार शुरू करने के लिए कई तरह से मदद दी जा रही है। हमने शुरू से ही सभी तबकों का विकास किया है। उन्होंने कहा कि आपके हित के लिए बहुत सारा काम किया जा रहा है और जो भी जरूरतें होंगी, समस्याएं होंगी उसका समाधान किया जाएगा।

उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा और पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन के द्वारा लखीसराय जिले के विद्यापीठ चौक पर आयोजित कार्यक्रम में पथ निर्माण विभाग की विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास एवं शुभारंभ किया गया। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के क्रियान्वयन से जिले में सड़क अवसंरचना को नई गति मिलेगी तथा आमजन को बेहतर आवागमन सुविधाएं प्राप्त होंगी। इस मौके पर जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्रा समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम की अध्यक्षता में अतिक्रमण-उन्मूलन अभियान की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में संबंधित अधिकारियों को अंतर्विभागीय समन्वय स्थापित कर प्रभावी ढंग से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिये गये। उन्होंने निर्देश दिया कि दोबारा अतिक्रमण करने वालों के विरूद्ध अनिवार्य तौर पर प्राथमिकी दर्ज करें।

नालंदा के जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी कुंदन कुमार की अध्यक्षता में आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन, 2025 के निमित्त पूर्व तैयारियों से संबंधित सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने विस्तृत चर्चा करते हुए बिहार विधान सभा आम निर्वाचन 2025 के मद्देनजर कर्मियों के Election Software में डाटा इट्री अद्यतन करने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये।

नवादा के जिलाधिकारी रवि प्रकाश एवं पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान की संयुक्त अध्यक्षता में जिले के सभी बालू घाट संचालकों के साथ समीक्षा बैठक हुई। बैठक में अवैध खनन व परिवहन पर सख्त रोक लगाने, बिना वैध चालान के परिवहन पर प्रतिबंध, ओवरलोडिंग रोकने तथा निर्धारित नियमों के पालन पर जोर दिया गया। घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने और किसी भी लापरवाही की स्थिति में संचालकों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिये।

सहरसा के जिलाधिकारी दीपेश कुमार द्वारा भ्रमण कार्यक्रम के दौरान नगर निकाय क्षेत्र स्थित संप हाउस एवं STP (सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट) के निर्माण हेतु चिह्नित स्थलों का निरीक्षण किया गया। उन्होंने कार्ययोजना तैयार कर शीघ्र ही निर्माण शुरू करने के निर्देश दिये।

बांका के जिलाधिकारी नवदीप शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा के द्वारा बौंसी प्रखंड का दौरा किया गया। मालूम हो कि बिहार के महामहिम राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खाँ का कार्यक्रम प्रस्तावित है।