बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरे :-

@ पटना बिहार

बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरे :-

सूबे में यातायात को और सुगम बनाने हेतु राज्य सरकार निरंतर प्रयासरत है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दीदारगंज में कच्ची दरगाह- बिदुपुर सिक्स लेन गंगा पुल परियोजना के पटना अप रैम्प के लोकार्पण के दौरान अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि यहां के सर्विस रोड को भी ठीक ढंग से दुरूस्त कराएं ताकि वाहनों का सुचारू रूप से परिचालन हो सके।
उन्होंने कहा कि अप-रैंप दीदारगंज एक संपर्क पथ के रूप में निर्मित है जो जे.पी. गंगा पथ के अंतिम बिंदु दीदारगंज से प्रारंभ होकर नवनिर्मित 6- लेन न्यू गंगा ब्रिज तक जाता है। इस संपर्क पथ के माध्यम से पटना शहर की तरफ से जे.पी. गंगा पथ होते हुए वाहनों का आवागमन सीधे नवनिर्मित 6 लेन न्यू गंगा ब्रिज तक होगा। इससे शहर के अंदर वाहनों का दबाव कम होगा तथा जाम की समस्या से लोगों को निजात मिलेगी।
👉डॉ.ए.पी.जे.अब्दुल कलाम साइंस सिटी निर्माण कार्य के निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि डॉ. ए.पी. जे. अब्दुल कलाम साइंस सिटी विज्ञान के प्रचार-प्रसार के विश्व के बेहतरीन केन्द्रों में से एक और अपने आप में विशिष्ट होगा। इस साइंस सिटी के निर्माण को लेकर कई विशेषज्ञों की राय ली गयी है। साइंस सिटी का निर्माण कार्य पूर्ण होने के पश्चात् यहां आनेवाले छात्र-छात्राओं को विज्ञान की मूलभूत बातें, गतिविधियों और विज्ञान के सिद्धांतों को सरलता से समझने में सुविधा होगी तथा विज्ञान में उनकी रूचि बढ़ेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर यहां बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित कराएं।
👉 मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पहल पर पटना संग्रहालय में दृष्टिबाधित बच्चों के लिए एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में अंतरज्योति बालिका विद्यालय, पटना से 21 बच्चों ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों को वर्तमान मेक्सिको प्रदर्शनी दिखाने से हुई। यहां ईवा मल्होत्रा द्वारा बनाई गई पेंटिंग्स को बच्चों ने स्पर्श कर समझा और प्राचीन माया, टिओतिकुहामा और एजटेक सभ्यताओं के बारे में जाना।
साथ ही बच्चों को बताया गया कि माया सभ्यता कैसे सूर्य और ग्रहों का अध्ययन कर कैलेंडर बनाती थी और किस प्रकार पौधों, पत्थरों और ध्यान से रोगों का उपचार किया जाता था। अंत में बच्चों को आनापानसति ध्यान विधि सिखाई गई, जिससे वे मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ रह सकें। यह प्रदर्शनी ‘म्यूजियम बिनाले 2025’ का हिस्सा है और 7 अक्टूबर तक पटना संग्रहालय में चलेगी। संस्कृति, परंपरा और संवेदनशीलता से जुड़ा यह आयोजन इन विशेष बच्चों के जीवन में नई रोशनी लेकर आया है।
👉पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. की अध्यक्षता में नेताजी सुभाषचन्द्र बोस आवासीय छात्रावास प्रबंधन-सह-अनुश्रवण समिति की बैठक हुई। सिविल सर्जन को हर माह आवासित छात्रों का स्वास्थ्य जांच कराने, जिला शिक्षा पदाधिकारी को बच्चों के बेहतर पठन-पाठन, पाठ्य सामग्रियों की उपलब्धता तथा आवश्यकतानुसार सामग्रियों का क्रय करने, छात्रावास की सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम करने,CCTV एवं अग्निशमन यंत्रों की समुचित संख्या में उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिये।
👉भागलपुर के जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने सबौर अंचल में चल रहे राजस्व महाअभियान के कार्यों का निरीक्षण किया और लाभार्थियों को जमाबंदी पेपर प्रदान किया। मालूम हो कि बिहार सरकार द्वारा 16 अगस्त से 20 सितम्बर 2025 तक यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
👉बांका के जिलाधिकारी नवदीप शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक उपेन्द्रनाथ वर्मा द्वारा वन स्टॉप सेंटर, बांका का निरीक्षण किया गया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिये।
👉बक्सर के जिलाधिकारी डॉ. विद्यानंद सिंह की अध्यक्षता में यातायात प्रबंधन की बैठक हुई। उन्होंने अधिकारियों को शहर में जाम की स्थिति के निराकरण हेतु कई महत्वपूर्ण कार्रवाई के निर्देश दिये।
👉सारण के जिलाधिकारी अमन समीर की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग से संबंधित जिलास्तरीय अनुकम्पा समिति की बैठक हुई। बैठक के दौरान मृत शिक्षकों के आश्रितों से प्राप्त लिपिक के पद पर नियुक्ति हेतु 228 आवेदनों एवं परिचारी पद पर नियुक्ति हेतु 19 आवेदनों एवं उनके कागजातों की गहन समीक्षा की गई। समीक्षा के उपरान्त कुल 136 आश्रितों को विद्यालय सहायक के पद पर नियुक्ति हेतु एवं 11 आश्रितों को परिचारी पद पर नियुक्ति हेतु अनुशंसित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...