@ पटना बिहार
बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरे :-
सूबे में खेल क्षेत्र के विस्तार हेतु राज सरकार निरंतर प्रयासरत है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राजगीर खेल परिसर में निर्माणाधीन क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण कार्य की प्रगति एवं अद्यतन स्थिति का जायजा लेने के दौरान संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि खिलाड़ियों एवं दर्शकों की हर जरुरी सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बेहतर ढंग से निर्माण कार्य कराएं। इस मौके पर अधिकारियों ने बताया कि इस क्रिकेट स्टेडियम में खिलाड़ियों तथा दर्शकों की मूलभूत सुविधाओं, मीडिया गैलरी के साथ ही हर प्रकार की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्य सुनिश्चित कराया जा रहा है।

नीतीश कुमार ने जम्मू-कश्मीर के वैष्णो देवी में हुए भूस्खलन में समस्तीपुर जिला के रहनेवाले पांच लोगों की मौत पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह दुर्घटना काफी दु:खद है। उन्होंने स्थानिक आयुक्त, नई दिल्ली को निर्देश दिया कि जम्मू- कश्मीर सरकार से समन्वय स्थापित कर मृतकों के पार्थिव शरीर को उनके निवास स्थान तक पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करें।

स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय के द्वारा सीतामढ़ी जिला अन्तर्गत पुपरी में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया गया। इस मौके पर सांसद देवेश चंद्र ठाकुर, विधायक पंकज मिश्रा, जिलाधिकारी मती रिची पांडेय एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण मौजूद रहे।

पटना के जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम द्वारा मान्यता-प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों के साथ मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण, 2025 की समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को दावा-आपत्ति का गुणवत्तापूर्ण निष्पादन करने, राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों सहित सभी हितधारकों से नियमित संवाद स्थापित रखने एवं आगामी विधानसभा चुनाव के लिए भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सभी तैयारियां करने के निर्देश दिये।

नवादा के जिलाधिकारी रवि प्रकाश की अध्यक्षता में जिला जनता दरबार का आयोजन हुआ। उन्होंने जनता दरबार में आये कुल 36 फरियादियों की समस्याएं सुनी एवं समाधान हेतु उचित कार्रवाई के निर्देश दिये।

पश्चिम चंपारण के जिलाधिकारी धर्मेंद्र कुमार की अध्यक्षता में जिलास्तरीय सतर्कता एवं अनुश्रवण समिति की बैठक हुई। इस दौरान 06 मामलों में लाभुकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया।

किशनगंज के जिलाधिकारी विशाल राज की अध्यक्षता में परिवहन टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिये।

सीवान के जिलाधिकारी डॉ. आदित्य प्रकाश की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की बैठक हुई। बैठक में मौजूद अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर राज्य सरकार द्वारा संचालित विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्यवन के निर्देश दिये।