गुजरात के गांधीनगर में अमित शाह ने ‘स्टार्टअप कॉन्क्लेव – 2025’ का उद्घाटन किया

@ गांधीनगर गुजरात :-

गुजरात के गांधीनगर में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने स्टार्टअप कॉन्क्लेव 2025 का उद्घाटन किया। इस अवसर पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

अपने संबोधन में केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि यह कॉन्क्लेव प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा स्टार्टअप की दुनिया में भारत की पहचान बनाने के लिए शुरू किए गए मिशन के सभी पहलुओं पर चिंतन करेगा और समस्याओं का समाधान ढूंढेगा। यह कॉन्क्लेव innovate, elevate और accelerate के तीन मंत्रों की थीम पर आयोजित हो रहा है। उन्होंनेकहा कि इस कॉन्क्लेव में दो दिनों तक 7 सत्रों में अलग अलग विषयों पर चर्चा होगी और इसके माध्यम से उभरते हुए स्टार्टअप्स को निवेशकों के साथ जोड़ने और प्रधानमंत्री मोदी द्वारा दिए गए mind to market के मंत्र को मार्केट तक पहुंचाने का बहुत बड़ा मंच मिलेगा।

अमित शाह ने कहा कि आज यहां भारतीय ज्ञान प्रणाली के संकलन का भी विमोचन हुआ है। उन्होंने कहा कि इस प्रणाली में आयुर्वेद, शास्त्रीय कलाएं, वास्तुकला, गणित, दर्शन, विज्ञान, अंतरिक्ष और पर्यावरण के क्षेत्र में दुनियाभर का श्रेष्ठ ज्ञान संचित है। शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने नई शिक्षा नीति में भारतीय ज्ञान प्रणाली पर अनुसंधान और शोध का एक वर्टिकल बनाकर हमारे युवाओं के लिए इस खजाने को खोला है। इस प्रणाली में उपलब्ध ज्ञान के खजाने को आधार बनाकर हमारे युवा विश्व में सर्वश्रेष्ठ अनुसंधान कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि 2014 से 2024 के दस साल के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने 2016 में स्टार्टअप इंडिया की शुरूआत की और आज भारत विश्वस्तरीय स्टार्टअप इकोसिस्टम बनाने में सबसे तेज़ गति से आगे निकलने वाला देश बन चुका है। मोदी ने स्टार्टअप इंडिया के माध्यम से भारतीय युवाओं को जॉब सीकर से जॉब क्रिएटर बनाने का स्वप्न पूरा किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 2016 में स्टार्टअप्स को सिर्फ प्रॉफिट कमाने वाली इकाई से आगे बढ़ाकर आत्मनिर्भरता का एक बड़ा साधन बनाया है। स्टार्टअप इकोसिस्टम को हमारे देश की कई समस्याओं के समाधान, इनोवेशन को गति देने वाला यंत्र और युवाओं के अंदर की क्रिएटिविटी को प्लेटफॉर्म देने का मंच बनाया है।

अमित शाह ने कहा कि 2016 से 2024 के 8 वर्षों में भारत विश्व का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है। साथ ही स्टार्टअप इकोसिस्टम को ताकत देने के लिए पिछले दस साल में भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा डिजिटल इकोसिस्टम भी बन चुका है। युवाओं के विचारों, सोच और साहस को डिजिटल इकोसिस्टम तेज़ी के साथ देश और दुनिया के सामने रखता है। उन्होंने कहा कि 2015 में इनोवेशन इंडेक्स में भारत की रैंकिग 91वीं थी और आज हम 38वें पायदान पर पहुंच गए हैं। गृह मंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि अगले तीन साल में ग्लोबल इनोवेशन इंडेक्स में भारत दस शीर्ष देशों में पहुंच जाएगा और आने वाले दिनों में हम वैश्विक इनोवेशन को कंट्रोल करेंगे।

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार के 11 साल में हमारे देश में हमने बहुत परिवर्तन देखे हैं और स्टार्टअप इकोसिस्टम के विस्तार के लिए भी हर क्षेत्र में परफॉर्म किया है। उन्होंने कहा कि इस विस्तार का यश प्रधानमंत्री मोदी द्वारा बनाए गए इकोसिस्टम के साथ-साथ विद्यार्थियों और युवाओं को जाता है। 2014 के 500 स्टार्टअप्स से बढ़कर आज देश में 1 लाख 92 हज़ार स्टार्टअप्स हैं, जो 380 गुना अधिक हैं। इसी प्रकार, 2014 में यूनिकॉर्न सिर्फ 4 थे, जो आज 120 से अधिक हैं और उनकी कुल वैल्यू 350 बिलियन डॉलर से भी अधिक है। शाह ने कहा कि यह बताता है कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा बनाए गए इकोसिस्टम के उपयोग से प्रतिभा का दोहन कर हम भी यूनिकॉर्न बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि इंडस्ट्री के लोगों को हर डायमेंशन में विस्तार करने के लिए स्टार्टअप के साथ जुड़ना ही होगा।

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2014 से स्टार्टअप के लिए सपोर्टिंग एनवायर्नमेंट उत्पन्न कर स्टार्टअप के ग्रोथ को, वित्तीय, नीतिगत, इन्फ्रास्ट्रक्चर, बैंकिंग और इंडस्ट्री सपोर्ट दिया है। उन्होंने कहा कि 10 हज़ार करोड़ का फंड ऑफ फंड्स स्थापित किया गया, 945 करोड़ कॉर्पस का स्टार्टअप इंडिया सीड फंड शुरू किया, अधिकतम ऋण की सीमा को 10 करोड़ रुपए से बढ़ा कर 20 करोड़ रुपए कर दिया गया, प्रूफ ऑफ कॉन्सेप्ट के लिए 20 लाख रुपए तक देने का तय किया, प्रोटोटाइप विकास के लिए 50 लाख रुपए की फंडिंग अप्रूव की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने मेक इन इंडिया शुरू किया, 14 प्रमुख क्षेत्रों में PLI लाए, 40 हज़ार से अधिक कम्प्लायंस को हटाया और 3400 से अधिक कानूनों को आपराधिक कानूनों की श्रेणी से बाहर किया।

अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अलावा GST का सरलीकरण और सुधार कोई नहीं कर सकता। बहुत समय के बाद प्रधानमंत्री मोदी के रूप में देश में ऐसा नेता आया है जिस पर देश का करदाता और देश की जनता विश्वास कर सकती है। प्रधानमंत्री मोदी ने सभी राज्यों को साथ लेकर बहुत हिम्मत के साथ GST को लागू किया था।

उन्होंने कहा कि GST की शुरूआत 80 हज़ार करोड़ रुपये के कलेक्शन से हुई थी जो आज 2 लाख करोड़ रुपये से भी अधिक तक पहुंच गया है। शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने GST सुधार के तहत कई वस्तुओं के मूल्य आधे और एक तिहाई और कई के शून्य तक कर दिए हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने GST सुधार के माध्यम से देश की जनता को बताया है कि सरकार का उद्देश्य देश चलाने के लिए पैसे प्राप्त करने का है न कि जनता का शोषण करने के लिए।

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि देश की आज़ादी से आज तक इतनी बड़ी टैक्स कटौती पहली बार देश की जनता ने देखी है। उन्होंने कहा कि GST रिफॉर्म देश के करदाताओं और सरकार के बीच विश्वास का ब्रिज बनाने वाला रिफॉर्म है। शाह ने कहा कि जब मोदी सरकार आई तब आयकर में ढाई लाख रूपए तक की छूट मिलती थी और आज 12 लाख रूपए तक की आय पर ज़ीरो टैक्स है। ये दोनों उदाहरण इस बात के द्योतक हैं कि सरकार टैक्स को जनता के शोषण के लिए नहीं बल्कि जनता, देश के विकास और आत्मनिर्भरता के लिए लगाती है। मोदी का यह कदम आने वाले कई दशकों के लिए करदाताओं और भारत सरकार के बीच एक विश्वास के सेतु का काम करेगा।

उन्होंने कहा कि स्टार्टअप हमारे देश के इमर्जिंग सेक्टर्स में सबसे पहले स्थान पर है और प्रधानमंत्री मोदी ने इस सेक्टर की स्पीड, साइज़, स्कोप और स्केल में बढ़ोत्तरी की योजना बनाई थी, जो आज ज़मीन पर उतर रही है। शाह ने कहा कि प्रतिभा के दोहन की क्षमता हो तो प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार और भूपेन्द्र पटेल जी के नेतृत्व में गुजरात सरकार चट्टान की तरह युवाओं के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि युवाओं के हर स्वप्न को ज़मीन पर उतारने के लिए प्रधानमंत्री मोदी और भूपेन्द्र पटेल जी हरसंभव मदद दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की न्यू इंडिया की कल्पना की backbone  हमारे युवा और स्टार्टअप हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...