मंत्री प्रद्युम्न तोमर ने किया ‘वीमित्र ऐप’ का औपचारिक शुभारंभ

@ भोपाल मध्यप्रदेश :-

ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा विकसित अत्याधुनिक ‘वीमित्र ऐप’ का औपचारिक शुभारंभ किया। ऐप प्रदेश में ही नहीं, पूरे देश में विद्युत चोरी की रोकथाम के लिये एक डिजिटल क्रांति का प्रतीक बनकर उभरा है। मंत्री तोमर ने ‘वीमित्र ऐप’ के माध्यम से सटीक और प्रमाणिक सूचनाएं देने वाले 432 नागरिकों को 1.95 लाख की ईनाम की राशि डिजिटल माध्यम से अंतरित की।

मंत्री तोमर ने ऐप की उपयोगिता और इसके तकनीकी पक्ष पर प्रकाश डालते हुए यूज़र गाइड, शैक्षिक कार्टूनों से सजी प्रेरणादायक मैगजीन तथा विभागीय मार्गदर्शिका का भी विमोचन किया। इन संसाधनों के माध्यम से आमजन एवं विभागीय कर्मियों को ऐप की कार्यप्रणाली को बेहतर ढंग से समझने में मदद मिलेगी।

उन्होंने ऐप के निर्माण के लिए कंपनी के प्रबंध संचालक अनय द्विवेदी की सराहना करते हुए कहा कि वीमित्र ऐप न केवल विद्युत चोरी रोकने का एक प्रभावी उपकरण है, बल्कि यह शासन में पारदर्शिता और जन-सहभागिता को भी सशक्त बनाता है।

मंत्री तोमर ने कहा कि इस पहल को प्रदेश की अन्य विद्युत वितरण कंपनियों में भी शीघ्र लागू किया जाए।

‘वीमित्र ऐप’ की अब तक की उपलब्धियाँ

वीमित्र ऐप 1 जुलाई 2025 से प्रारंभ हुआ है। इसमें डाउनलोड्स- 23 हजार से अधिक, प्राप्त सूचनाएं 19 हजार 552, जाँच की गई सूचनाएं 9 हजार 091, सही पाई गई सूचनाएं 2 हजार 506, वितरित इनाम राशि: ₹8 लाख 17 हजार और कंपनी को लाभ ₹3 करोड़ 51 लाख हुआ। वीमित्र ऐप की एक खास बात यह है कि इसके माध्यम से सूचनाकर्ता गुमनाम रूप से भी शिकायत दर्ज कर सकते हैं, जिससे उन्हें किसी प्रकार की असुरक्षा या भय की भावना से मुक्त किया गया है।

ऐप को एंड्रॉइड और iOS दोनों प्लेटफॉर्म्स पर निशुल्क उपलब्ध कराया गया है। पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी की यह पहल डिजिटल सशक्तिकरण, सामाजिक सहभागिता और प्रशासनिक पारदर्शिता की दिशा में एक सराहनीय प्रयास है, जिसकी पूरे प्रदेश में प्रशंसा हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...