@ गांधीनगर गुजरात :-
फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गेनाइजेशंस (FIEO) और गुजरात सरकार द्वारा वर्ल्ड बैंक के RAMP प्रोजेक्ट के तहत, गुजरात सरकार के MSME विभाग और iNDEXTb के सहयोग से एक अंतरराष्ट्रीय बायर-सेलर मीट का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 9-10 अक्टूबर 2025 को गणपत विश्वविद्यालय, मेहसाणा में वाइब्रेंट गुजरात रीजनल कॉन्फ्रेंस (उत्तर गुजरात) के भाग रूप में आयोजित हुआ।

उद्योग प्रतिनिधियों की ओर से इस दो दिवसीय कार्यक्रम को शानदार प्रतिसाद मिला। फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गेनाइजेशंस (FIEO) और गुजरात सरकार के संयुक्त आयोजन में 9 से 10 अक्टूबर 2025 को मेहसाणा में अंतरराष्ट्रीय बायर-सेलर मीट सफलतापूर्वक आयोजित हुई। इस आयोजन में कुल 17 देशों ने भाग लिया, जिनमें प्रमुख देश अमेरिका, जर्मनी, रूस, संयुक्त अरब अमीरात, वियतनाम, मिस्र, इथियोपिया, घाना, तंजानिया, युगांडा, भूटान, ओमान, बहरीन, नेपाल, उज्बेकिस्तान, यूक्रेन और बोत्सवाना शामिल थे।
कार्यक्रम में 40 अंतरराष्ट्रीय खरीदारों और गुजरात सहित भारत के विभिन्न हिस्सों से आए 850 से अधिक स्थानीय विक्रेताओं ने भाग लिया। दो दिनों में कुल 2,200 से अधिक व्यावसायिक बैठकों का आयोजन किया गया और 350 से अधिक समझौता ज्ञापनों (MoUs) पर हस्ताक्षर किए गए। इस अंतरराष्ट्रीय मीट के परिणामस्वरूप लगभग ₹500 करोड़ से अधिक की एक्सपोर्ट एन्क्वारीज़ प्राप्त हुई, जिससे गुजरात की निर्यात संभावनाओं को नया प्रोत्साहन मिला।
डायरेक्टर जनरल ऑफ फॉरेन ट्रेड (DGFT) अजय भादू (IAS) और गुजरात सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) आयुक्त संदीप जे. सागले ने बायर-सेलर मीट में उपस्थित होकर खरीदारों और विक्रेताओं दोनों से संवाद किया और वैश्विक व्यापारिक संबंधों को गति देने तथा गुजरात की निर्यात क्षमता को प्रोत्साहित करने के प्रयासों की सराहना की।
FIEO के अध्यक्ष एस. सी. राल्हा ने बताया कि दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय बायर-सेलर मीट में वस्त्र, फार्मास्यूटिकल्स, रसायन, कृषि एवं फूड प्रोसेसिंग और इंजीनियरिंग गुड्स जैसे प्रमुख क्षेत्र केंद्र में रहे। यह आयोजन वैश्विक व्यापारिक संपर्कों को बढ़ाने और आपूर्ति श्रृंखला साझेदारी को सशक्त बनाने का एक प्रभावी माध्यम साबित हुआ। साथ ही, इसने गुजरात को एक अग्रणी निर्यात केंद्र के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
