जैसलमेर में फ्लैगशिप योजनाओं एवं बजट घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा हुई

@ जैसलमेर राजस्थान :-

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य व जैसलमेर जिला प्रभारी मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने शनिवार को जैसलमेर कलेक्ट्रेट सम्बंधित अधिकारियों की बैठक लेकर सभी विभागों की विकास व व्यक्तिगत लाभ योजनाओं, राज्य व केन्द्र सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं एवं राज्य बजट घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जनसेवा ही राज्य सरकार की प्राथमिकता है, हर घोषणा धरातल पर दिखे एवं हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं की पहुँच सुनिश्चित हो।
खींवसर ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में की गई घोषणाओं एवं बजट प्रावधानों का समयबद्ध क्रियान्वयन राज्य सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें एवं किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में चिकित्सा मंत्री खींवसर ने वर्ष 2024-25 की बजट घोषणाओं की प्रगति, वर्ष 2025-26 की घोषणाओं से संबंधित भूमि आवंटन प्रकरणों एवं जिले में चल रहे विभिन्न विभागीय कार्यों की स्थिति पर विस्तृत चर्चा की।
खींवसर ने कहा कि आमजन को पेयजल, बिजली एवं स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं का समय पर लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करें। यह सुनिश्चित करें कि प्रत्येक घर तक स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल पहुँचे। विद्युत आपूर्ति निर्बाध होनी चाहिए, कटौती के कारण आमजन को कोई असुविधा नहीं हो तथा कृषि व घरेलु विद्युत कनेक्शन नियमानुसार समय पर करें। उन्होंने पीएम सूर्यघर योजना और पीएम कुसुम योजना के क्रियान्वयन व प्रगति की भी समीक्षा की।
खींवसर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की वर्तमान स्थिति पर फीडबैक लिया। उन्होंने पीएचसी, सीएचसी एवं जिला अस्पतालों में संसाधनों एवं सुविधाओं को और मजबूत करने पर बल दिया।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि जैसलमेर की विशिष्ट पहचान को ध्यान में रखते हुए  पर्यटन विभाग नवाचारों के माध्यम से जिले को पर्यटन के क्षेत्र में नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने के प्रयास करें।
जिला कलक्टर प्रताप सिंह ने विभागीय कार्यों की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि बजट घोषणाओं की नियमित मॉनिटरिंग जिला स्तर पर की जा रही है एवं साप्ताहिक समीक्षा बैठकों में प्रगति का विश्लेषण किया जाता है। बैठक में जैसलमेर विधायक छोटूसिंह भाटी भी  उपस्थित रहे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...