@ पटना बिहार
बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरे :-
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज सारण जिला स्थित सोनपुर में विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला का निरीक्षण किया और अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। इस मौके पर ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी, बिहार राज्य आपदा प्रबंधन धिकरण के सदस्य कौशल किशोर मिश्रा, कृषि विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार समेत कई वरीय अधिकारीगण मौजूद रहे।

नीतीश कुमार ने सोनपुर में विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला निरीक्षण के दौरान आपदा प्रबंधन विभाग, आर्ट एण्ड क्राफ्ट ग्राम, महिला एवं बाल विकास निगम, जीविका सहित विभिन्न विभागों द्वारा लगायी प्रदर्शनी का अवलोकन किया। स्टॉलों के निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री जी ने विभिन्न उत्पादों के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने जीविका दीदियों एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता राशि का चेक भी प्रदान किया।

मुख्यमंत्री नीतीश ने सारण जिला जदयू के पूर्व जिलाध्यक्ष राघव प्रसाद सिंह के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा कि स्व. राघव प्रसाद सिंह जी समता पार्टी के स्थापना काल से ही पार्टी से जुड़े हुये थे। सामाजिक कार्यों में भी उनकी गहरी अभिरूचि थी। उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है।

पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. एवं वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा अष्टादश बिहार विधान सभा के प्रथम सत्र (1-5 दिसम्बर, 2025) के अवसर पर विधि-व्यवस्था संधारण, यातायात प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्था हेतु प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग की गई तथा सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रोटोकॉल एवं नियमों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।

बक्सर के जिलाधिकारी डॉ. विद्यानंद सिंह एवं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य की अध्यक्षता में यातायात प्रबंधन को लेकर बैठक हुई। बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद्, बक्सर को एक विस्तृत कार्ययोजना बनाते हुए सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराने के निर्देश दिये गये।

बेगूसराय के जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह- जिलाधिकारी तुषार सिंगला एवं पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार द्वारा संयुक्त रूप से ईवीएम/वीवीपैट वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी समेत मान्यता प्राप्त राजनैतिक दल के जिलास्तरीय प्रतिनिधिगण मौजूद रहे।

सुपौल के जिलाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में जिला उज्जवला समिति (DUC) की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में तीव्र गति से पारदर्शिता के साथ उज्ज्वला योजना का लाभ वंचित गरीब परिवारों तक पहुंचाने के निर्देश दिये गये।

कैमूर के जिलाधिकारी सुनील कुमार की अध्यक्षता में उर्वरक निगरानी समिति की समीक्षा बैठक हुई एवं कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में विधायक, भभुआ विधानसभा क्षेत्र सहित अन्य पदाधिकारीगण मौजूद रहे।