बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरे :-

@ पटना बिहार

बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरे :-

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मानवाधिकार दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएँ दी है। उन्होने कहा कि बिहार सरकार न्याय के साथ विकास के सिद्धांत पर निरंतर आगे बढ़ रही है तथा समाज के सभी वर्गों के विकास और उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का प्रमुख उद्देश्य समाज के आखिरी पायदान पर खड़े व्यक्ति के अधिकारों की सुरक्षा और उन्हें मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि हम सभी मिलकर एक स्वस्थ, सशक्त और सुदृढ़ समाज के निर्माण का संकल्प लें, जहाँ हर व्यक्ति सम्मानपूर्वक और गौरवपूर्ण जीवन जी सके।
👉 नीतीश कुमार ने 1 अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ कक्ष में प्रगति यात्रा के दौरान घोषित विकास योजनाओं की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की और अधिकारियों को तेजी से कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया। समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से बताया कि प्रगति यात्रा के दौरान 22 विभागों से संबंधित 430 योजनाओं को स्वीकृति दी गई थी, जिनमें से 428 योजनाओं को स्वीकृति दे दी गई है और शेष 2 योजनाएं तकनीकी रूप से अनुपयुक्त पाई गई हैं।
समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2024 के दिसंबर एवं 2025 के जनवरी-फरवरी माह में उन्होंने प्रगति यात्रा के दौरान सभी जिलों में जाकर विकास कार्यों का निरीक्षण किया था। यात्रा के दौरान जो लोगों का फीडबैक मिला और जमीनी स्तर पर जो कमी उन्होंने देखी, उसे पूरा करने के लिए 430 नई योजनाओं की स्वीकृति दी गई, जिस पर 50 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी 38 जिलों की योजनाओं का सतत अनुश्रवण किया जाए और लंबित योजनाओं पर तेजी से काम कर उन्हें शीघ्र पूरा किया जाए।
👉 नालंदा में विकास आयुक्त कांत कुंडलिक खांडेकर की अध्यक्षता में जिला आपूर्ति टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में मुख्य रूप से खाद्यान्न का उठाव एवं वितरण, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम, 2013 के अंतर्गत लाभुकों की स्थिति, राशन कार्ड निर्माण एवं टैगिंग, और जन वितरण प्रणाली दुकानों का PDS PARAKH App से निरीक्षण जैसे विषयों पर विस्तृत समीक्षा की गई। विकास आयुक्त ने सभी सहायक गोदाम प्रबंधकों और DSD अभिकर्ताओं को निर्देश दिया कि वे आपसी समन्वय स्थापित कर प्रत्येक माह की 15 तारीख तक शत-प्रतिशत खाद्यान्न का उठाव सुनिश्चित करें। साथ ही सभी प्रखण्ड आपूर्ति निरीक्षक अपने क्षेत्रों में स्थित जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं के माध्यम से शत-प्रतिशत खाद्यान्न वितरण और लाभुकों का e-KYC सुनिश्चित करेंगे, ताकि कोई भी लाभुक खाद्यान्न से वंचित न रहे।
👉 सिविल सर्जन, सुपौल एवं जिला कार्यक्रम समन्वयक सह जिला कार्यक्रम प्रबंधक, स्वास्थ्य विभाग, सुपौल की अध्यक्षता में सदर अस्पताल, सुपौल के सभागार में सभी प्रखंड के साथ Maternal Death Surveillance Response के लिए बैठक आयोजित की गई। इस बैठक का उद्देश्य मातृ मृत्यु निगरानी और प्रतिक्रिया प्रणाली को मजबूत करना और सभी प्रखंडों में स्वास्थ्य सेवाओं का सुधार एवं समन्वय को बढ़ाना है।
👉 रोहतास में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती), पटना द्वारा आयोजित चालक सिपाही भर्ती परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य परीक्षा संचालन की पारदर्शिता और अनुशासन सुनिश्चित करना था।
👉 नवादा के हिसुआ में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में 100 से अधिक व्यक्तियों ने रक्तदान किया। शिविर का संचालन सदर अस्पताल, नवादा के चिकित्सक दल एवं तकनीशियनों की निगरानी में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं और सहयोगियों को हार्दिक धन्यवाद दिया।
👉 खगड़िया में अंचल कार्यालय के द्वारा डॉ. अंबेडकर समग्र सेवा अभियान के तहत वासगीत पर्चा एवं बंदोवस्ति पर्चा विशेष विकास शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर के माध्यम से जनता को आवश्यक सेवाएँ निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...