लोक कल्याण कप 2026: सनी चंद्र की शतकीय पारी, पावरग्रिड एकादश पर दिल्ली सरकार की बड़ी जीत

@ नई दिल्ली :-

यमुना ट्रॉफी के अंतर्गत आयोजित लोक कल्याण कप 2026 का शुभारंभ पूर्वी दिल्ली स्थित सीडी क्रिकेट ग्राउंड में उत्साह और खेल भावना के साथ हुआ। उद्घाटन मुकाबले में दिल्ली सरकार एकादश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पावरग्रिड एकादश को 9 विकेट से पराजित किया।

मैच से पूर्व टॉस समाजसेविका हरित गुप्ता ने दिल्ली सरकार एकादश के कप्तान संतोष राय और पावरग्रिड एकादश के कप्तान वरुण सिंह के बीच कराया। टॉस जीतकर पावरग्रिड एकादश ने पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया और टीम 9 विकेट खोकर 125 रन ही बना सकी।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली सरकार एकादश ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए मात्र 9.5 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया। मैच के हीरो सनी चंद्र रहे, जिन्होंने केवल 32 गेंदों में 101 रनों की विस्फोटक शतकीय पारी खेली, जिसमें 10 छक्के और 9 चौके शामिल रहे। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।

यह टूर्नामेंट यमुना ट्रॉफी के अंतर्गत अमावस्या फाउंडेशन द्वारा आयोजित किया जा रहा है, जिसमें कुल आठ टीमें भाग ले रही हैं। लोक कल्याण कप 2026 की विशेषता यह है कि इसमें खेल के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य जागरूकता को भी प्रमुख स्थान दिया गया है।

इसी क्रम में आयोजन स्थल पर लोक कल्याण समिति द्वारा खिलाड़ियों एवं उपस्थित लोगों के लिए निःशुल्क आंखों की जांच शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने अपनी आंखों की जांच कराई और विशेषज्ञों से परामर्श प्राप्त किया।

मुख्य अतिथि समाजसेविका हरित गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि अनुशासन और सकारात्मक सोच भी विकसित करता है। स्वस्थ समाज और स्वच्छ पर्यावरण का निर्माण हम सभी की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने ऐसे आयोजनों को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

लोक कल्याण कप 2026 का यह उद्घाटन मुकाबला खेल, स्वास्थ्य और पर्यावरण के प्रति जागरूकता का सशक्त संदेश देते हुए सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...