@ जयपुर राजस्थान :-
इंडिया स्टोनमार्ट 2026 के आयोजन की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव (एसीएस) शिखर अग्रवाल ने मंगलवार को जेईसीसी पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने आयोजन स्थल का भ्रमण कर अब तक की प्रगति की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों और एजेंसियों को तय समय से पूर्व कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

अग्रवाल ने निरीक्षण के दौरान प्रदर्शनी हॉल, आगंतुक सुविधाएं, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, लॉजिस्टिक प्लानिंग एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिए कि आयोजन के दौरान अंतरराष्ट्रीय स्तर के मानकों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि देश-विदेश से आने वाले उद्योग प्रतिनिधियों, व्यापारियों और निवेशकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
कार्यक्रम के बारे में—
रीको, सीडोस और लघु उद्योग भारती के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह कार्यक्रम जयपुर के सीतापुरा स्थित जेईसीसी में 5-8 फरवरी तक होगा।
– लगभग 25,000 वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र में भव्य प्रदर्शनी।
– कुल 500 से अधिक स्टॉल्स के माध्यम से स्टोन, मशीनरी और वैल्यू-एडेड उत्पादों का प्रदर्शन।
– जयपुर आर्किटेक्चर फेस्टिवल का आयोजन।
– घरेलू और अंतरराष्ट्रीय खरीददारों और भारतीय प्रदर्शकों के बीच संवाद।
– छात्रों एवं युवा प्रतिभाओं के लिए डिजाइन एवं नवाचार आधारित प्रतियोगिताएं।
– ग्लोबल स्टोन टेक्नोलॉजी फोरम और नीति संवाद सत्र।
