@ जयपुर राजस्थान :-
राजधानी जयपुर में 20 एवं 22 फरवरी को जल महल पर आयोजित होने जा रहे भव्य एयर शो को लेकर तैयारियां अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले इस रोमांचकारी हवाई प्रदर्शन को जन-उत्सव का स्वरूप देने के लिए राज्य सरकार और जिला प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं।

यह एयर शो केवल एक मनोरंजक कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं में देशभक्ति, अनुशासन एवं साहस की प्रेरणा जागृत करने का अवसर भी है। भारतीय वायु सेना के जांबाज पायलट आकाश में सामूहिक उड़ान, समन्वित कलाबाजियां एवं रंगीन धुएं के साथ अद्भुत संरचनाएं प्रस्तुत करेंगे, जो दर्शकों के लिए अविस्मरणीय अनुभव होगा। सूर्यकिरण टीम द्वारा किए जाने वाले एरोबेटिक फॉर्मेशन, क्रॉसओवर एवं सिंक्रोनाइज्ड मूवमेंट्स जयपुर के आकाश को शौर्य और गर्व से भर देंगे।
आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एयर शो में प्रवेश हेतु पंजीकरण व्यवस्था पूर्णतः डिजिटल माध्यम से की गई है। इच्छुक नागरिक राजस्थान के एसएसओ पोर्टल www.sso.rajasthan.gov.in पर अपनी एसएसओ आईडी के माध्यम से लॉग-इन कर Citizen Services में उपलब्ध Air Show Jal Mahal Registration सेवा का चयन कर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवश्यक व्यक्तिगत विवरण भरकर फॉर्म सबमिट करने के उपरांत प्रतिभागी अपना सहभागिता पास डाउनलोड कर सकेंगे। कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश के लिए उक्त पास का मुद्रित प्रति साथ लाना अनिवार्य होगा।

एयर शो को लेकर नागरिकों में विशेष उत्साह व्याप्त है। कार्यक्रम की रूपरेखा इस प्रकार तैयार की गई है कि अधिकतम नागरिक सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से इसका आनंद ले सकें। जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न विभागों के समन्वय से यातायात, पार्किंग, सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, आपदा प्रबंधन, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत आपूर्ति तथा संचार व्यवस्था की विस्तृत कार्ययोजना लागू की गई है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशा के अनुरूप यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कार्यक्रम सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं आमजन के लिए सुलभ हो। सामान्य प्रशासन विभाग एवं जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा निरंतर समीक्षा बैठकों के माध्यम से तैयारियों की मॉनिटरिंग की जा रही है। कार्यक्रम स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
यातायात प्रबंधन के अंतर्गत विशेष रूट प्लान तैयार किया गया है, जिससे कार्यक्रम के दौरान शहर की सामान्य आवाजाही प्रभावित न हो। पार्किंग हेतु चिन्हित स्थलों पर पर्याप्त स्थान की व्यवस्था की गई है तथा वहां से कार्यक्रम स्थल तक पैदल मार्ग एवं वैकल्पिक आवागमन सुविधा उपलब्ध रहेगी। यातायात पुलिस द्वारा मार्ग संकेतक, बैरिकेडिंग एवं डायवर्जन प्लान लागू किया जाएगा।

सुरक्षा प्रोटोकॉल को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। कार्यक्रम स्थल पर बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था रहेगी, जिसमें पुलिस बल, यातायात पुलिस, सिविल डिफेंस, एनसीसी एवं स्वयंसेवकों की तैनाती की जाएगी। प्रवेश द्वारों पर सघन जांच की व्यवस्था रहेगी। ड्रोन प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित किया जाएगा तथा निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की जा रही है।
आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सा दल, एम्बुलेंस एवं फायर ब्रिगेड की टीमें भी तैनात रहेंगी। दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पेयजल, मोबाइल शौचालय, प्राथमिक उपचार केंद्र एवं सूचना सहायता काउंटर स्थापित किए जाएंगे। वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों एवं बच्चों के लिए विशेष व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। स्वच्छता बनाए रखने के लिए नगर निगम द्वारा अतिरिक्त सफाईकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।
जिला प्रशासन द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि वे कार्यक्रम के दौरान निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें, यातायात नियमों का सम्मान करें तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। कार्यक्रम स्थल पर प्रतिबंधित वस्तुएं लाने से बचें तथा सुरक्षा कर्मियों का सहयोग करें। आयोजन को सफल बनाने में जनसहभागिता महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। पर्यटन की दृष्टि से भी यह आयोजन अत्यंत महत्वपूर्ण है। जल महल की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि एवं प्राकृतिक सौंदर्य के बीच होने वाला यह हवाई प्रदर्शन देश-विदेश के पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगा। इससे जयपुर की पहचान एक संगठित एवं सुरक्षित आयोजन स्थल के रूप में और सुदृढ़ होगी।
