ITBP की नॉर्थ वेस्ट फ्रंटियर इकाई के जवानों ने स्थानीय ग्रामीणों के साथ मिलकर होली का त्योहार मनाया 

@ लेह लद्दाख :-

लद्दाख के दुर्गम और बर्फीले क्षेत्र में स्थित पैंगोंग झील (14,300 फीट) पर इस वर्ष होली का उत्सव देशभक्ति और सांस्कृतिक रंगों के साथ मनाया गया। शून्य से नीचे तापमान और जमी हुई झील के बीच भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की नॉर्थ वेस्ट फ्रंटियर इकाई के जवानों ने स्थानीय ग्रामीणों के साथ मिलकर रंगों का त्योहार उत्साहपूर्वक मनाया।

दूरस्थ सीमावर्ती क्षेत्र में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम ने जवानों और स्थानीय समुदाय के बीच मजबूत संबंधों की मिसाल पेश की। ‘वाइब्रेंट विलेज’ पहल के तहत आसपास के गांवों के लोग भी इस आयोजन में शामिल हुए। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और ऊंचाई की चुनौतियों के बावजूद जवानों का उत्साह देखने लायक था।

कार्यक्रम की खास आकर्षण स्थानीय बच्चों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम रहा। पारंपरिक नृत्य, लोकगीत और देशभक्ति प्रस्तुतियों ने वातावरण में गर्मजोशी घोल दी। बच्चों की मासूम मुस्कान और रंगों की बौछार ने जमे हुए परिदृश्य को भी जीवंत बना दिया।

आईटीबीपी के अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के आयोजन सीमावर्ती क्षेत्रों में तैनात जवानों और स्थानीय नागरिकों के बीच विश्वास और सहयोग को बढ़ावा देते हैं। होली के इस अनोखे उत्सव ने यह संदेश दिया कि देश की सीमाएं केवल सुरक्षा का प्रतीक नहीं, बल्कि सांस्कृतिक एकता और सामुदायिक सहभागिता का भी केंद्र हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...