Netflix ने हैदराबाद में अपना वैश्विक निर्माण और इनोवेशन स्टूडियो, आईलाइन स्टूडियो आरंभ किया

@ हैदराबाद तेलंगाना :-

लोकप्रिय अमरीकी ओटीटी स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स ने हैदराबाद में अपना वैश्विक निर्माण और इनोवेशन स्टूडियो, आईलाइन स्टूडियो आरंभ किया है, जो भारत के बढ़ते एनिमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग और कॉमिक्स (एवीजीसी) पारितंत्र में निवेश का प्रतीक है। इस पहल से वैश्विक कार्यक्रम निर्माण में भारत की भूमिका और व्यापक होने की संभावना है। साथ ही इससे उन्नत विजुअल इफेक्ट्स और आधुनिक निर्माण तकनीकों के विस्तार को बढ़ावा मिलेगा।

आईलाइन स्टूडियो के शुभारंभ आयोजन में तेलंगाना के मुख्यमंत्री अनुमुला रेवंत रेड्डी, सूचना एवं प्रसारण सचिव संजय जाजू, आईलाइन स्टूडियोज के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जेफ शापिरो और भारतीय अभिनेता-फिल्म निर्माता राणा दग्गुबाती शामिल हुए।

हैदराबाद स्थित यह केंद्र लगभग 32 हजार वर्ग फुट में व्याप्त है और हाइब्रिड क्लाउड इन्फ्रास्ट्रक्चर द्वारा समर्थित उन्नत दृश्य प्रभाव और आभासी निर्माण तकनीकों से युक्त है। स्टूडियो को उच्च स्तरीय दृश्य निर्माण केंद्र के तौर पर तैयार किया गया है जो आईलाइन स्टूडियो के वैश्विक नेटवर्क का हिस्सा होगा, जिसमें लॉस एंजिल्स, वैंकूवर, सियोल और लंदन स्थित केंद्र शामिल हैं।

Netflix के इस केंद्र की स्थापना से स्पष्ट है नीतिगत समर्थन और उभरते मीडिया क्षेत्रों में कौशल विकास पर जोर देकर भारत सृजनात्मक प्रौद्योगिकी और डिजिटल उत्पादन के वैश्विक केंद्र के रूप में अपनी स्थिति निरंतर सुदृढ़ बना रहा है। हैदराबाद में आईलाइन स्टूडियो स्थापित होने से प्रतिभा विकास, प्रौद्योगिकी अपनाने और वैश्विक उत्पादन नेटवर्क के साथ एकीकरण को बढ़ावा देकर यह देश में एनिमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग और कॉमिक्स परितंत्र विकसित करने में सहायक होगा।

इस अवसर पर तेलंगाना के मुख्यमंत्री अनुमुला रेवंत रेड्डी ने अपने संबोधन में कहा कि हैदराबाद सृजनात्मकता, प्रौद्योगिकी और वैश्विक प्रतिभा के संगम का जीवंत केंद्र है। उन्होंने कहा कि आईलाइन स्टूडियो जैसी पहल फिल्म, प्रौद्योगिकी और एनिमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग और कॉमिक्स के प्रमुख केंद्र के रूप में इसे और लोकप्रिय बनाएगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अमरीकी कार्यक्रम निर्माण कंपनी के साथ सहयोग वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी सृजनात्मक पारितंत्र विकसित करने में सहायक होगा और हैदराबाद से प्रतिभा और फिल्म निर्माण को विश्व स्तर पर पहुंचने का अवसर मिलेगा।

सूचना एवं प्रसारण सचिव संजय जाजू ने अपने संबोधन में कहा कि भारत की समृद्ध फिल्म निर्माण परंपरा और बढ़ती तकनीकी क्षमता मनोरंजन क्षेत्र के विस्तार को गति दे रही हैं। उन्होंने कहा कि हैदराबाद में एवीजीसी (विविधता, रचनात्मकता और प्रौद्योगिकी) की एक मजबूत विरासत है, जहां कई वैश्विक स्टूडियो संचालित हैं।

जाजू ने कहा कि हैदराबाद में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ क्रिएटिव टेक्नोलॉजीज (आईआईसीटी) का आगामी परिसर रचनात्मक प्रौद्योगिकी क्षेत्र में कौशल विकास और क्षमता निर्माण और अधिक सुदृढ़ बनाएगा। सूचना – प्रसारण सचिव ने बताया कि पिछले वर्ष की वेव्स पहल के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ज्ञान, रचनात्मकता, कला, संस्कृति और बौद्धिक संपदा आधारित अर्थव्यवस्था-ऑरेंज इकोनॉमी के विकास पर जोर दिया था। जाजू ने कहा कि अब यह नीतिगत कार्यान्वयन में बदल रहा है, जिसके तहत देश भर में 15 हजार कंटेंट क्रिएटर लैब की घोषणा की गई है। इनसे रचनात्मक अर्थव्यवस्था में लगभग 20 लाख रोजगार सृजित होने की संभावना है।

तेलंगाना सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रॉनिकी एवं संचार तथा उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री डी. धर बाबू ने कहा कि राज्य सरकार दृश्य प्रभाव और एनिमेशन जैसे क्षेत्रों में प्रतिभाओं का सशक्त समूह विकसित करने के लिए कौशल विकास पहल तेज करने पर ध्यान केंद्रित कर रही है। उन्होंने कहा कि तेज तकनीकी प्रगति और सृजनात्मक उद्योग की बढ़ती भागीदारी के साथ हैदराबाद फिल्म निर्माण और रचनात्मक प्रौद्योगिकी के अग्रणी वैश्विक केंद्र के रूप में उभर रहा है।

आईलाइन स्टूडियोज के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जेफ शापिरो ने कहा कि भारत ने रचनात्मक और तकनीकी प्रतिभा द्वारा वैश्विक दृश्य प्रभाव उद्योग में लंबे समय से महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि हैदराबाद का तकनीकी पारितंत्र और फिल्म संस्कृति इसे दीर्घकालिक क्षमता निर्माण और वैश्विक दृश्य कला में योगदान के सर्वथा उपयुक्त बनाते हैं।

अभिनेता- निर्माता राणा दग्गुबाती ने कहा कि पिछले दो दशकों में हैदराबाद में फिल्म और रचनात्मक उद्योग में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि आईलाइन स्टूडियोज़ जैसी पहल शहर के रचनात्मक परिवेश को और सुदृढ़ बनाएगी और कलाकारों और फिल्मकारों को रचनात्मकता के नए अवसर प्रदान करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...