@ नई दिल्ली :-
भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (ITBP) द्वारा आयोजित 26वीं अखिल भारतीय पुलिस लॉन टेनिस चैम्पियनशिप 2025–26 का मंगलवार को नई दिल्ली स्थित आर.के. खन्ना टेनिस स्टेडियम में भव्य उद्घाटन हुआ। इस अवसर पर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंडी संजय कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और उन्होंने प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन किया।

अपने संबोधन में मंत्री ने आयोजन की उत्कृष्ट व्यवस्था के लिए ITBP की सराहना करते हुए कहा कि अखिल भारतीय पुलिस खेल प्रतियोगिताएँ देशभर के पुलिस बलों में खेल प्रतिभा को पहचानने, निखारने और प्रदर्शित करने का एक महत्त्वपूर्ण मंच प्रदान करती हैं।
मुख्य अतिथि एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए महानिदेशक, ITBP, शत्रुजीत कपूर, भा.पु.से., ने खेलों में बल की निरंतर उत्कृष्टता, विशेष रूप से लॉन टेनिस में, का उल्लेख किया। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर के ऐसे आयोजनों के माध्यम से खेल संस्कृति को बढ़ावा देने तथा उच्च मानकों को बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।

धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए अतिरिक्त महानिदेशक (मुख्यालय), ITBP, संजय गुंज्याल, भा.पु.से., ने मुख्य अतिथि, प्रतिभागियों, अधिकारियों एवं आयोजन से जुड़े सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस चैम्पियनशिप में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, राज्य पुलिस एवं केंद्र शासित प्रदेशों की पुलिस का प्रतिनिधित्व करती 23 टीमें भाग ले रही हैं, जिनमें 133 पुरुष एवं महिला खिलाड़ी विभिन्न स्पर्धाओं—ओपन सिंगल्स, ओपन डबल्स, वेटरन सिंगल्स एवं वेटरन डबल्स—में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। 24 से 28 मार्च, 2026 तक आयोजित इस पाँच दिवसीय प्रतियोगिता में रैंकिंग राउंड्स के साथ पदक स्पर्धाएँ भी शामिल होंगी।प्रतियोगिता का समापन समारोह 28 मार्च, 2026 को आयोजित किया जाएगा।

