@ जयपुर राजस्थान :-
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर शुक्रवार को सिरोही जिले के दौरे पर रहे। उन्होंने जिला चिकित्सालय सिरोही एवं माउंट आबू सीएचसी का निरीक्षण किया और स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार के लिए आवश्यक दिशा—निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार आमजन को उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। सभी अधिकारी इसी भावना के साथ काम करते हुए जिले में सुदृढ एवं सुचारू चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री ने निरीक्षण के दौरान जिला अस्पताल में बिजली—पानी की सुचारू व्यवस्था, वाटर कूलर, मैन पॉवर, सफाई व्यवस्था के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि अस्पताल में चिकित्साधिकारियों के रिक्त पदों को शीघ्र भरा जाएगा। साथ ही, आवश्यक चिकित्सकीय उपकरणों की व्यवस्था भी की जाएगी। चिकित्सा मंत्री ने अस्पताल में साफ सफाई की व्यवस्था सृदृढ़ रखने के निर्देश दिये।
खींवसर ने इस दौरान अस्पताल में भर्ती मरीजों व उनके परिजनों के साथ ही कार्मिकों के साथ भी संवाद किया एवं अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जिला चिकित्सालय की स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका होती है, इसलिए अधिकारी मापदण्डों के अनुरूप चिकित्सा सुविधाएं दिया जाना सुनिश्चित करें।
इस दौरान ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज राज्य मंत्री ओटाराम देवासी, सिरोही जिला परिषद सदस्य दलीप सिंह माडानी, डॉ. रक्षा भंडारी, सीएमएचओ डॉ. दिनेश खराडी, पीएमओ डॉ. वीरेन्द्र महात्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
इससे पूर्व चिकित्सा मंत्री खींवसर ने माउंट आबू में सीएचसी का निरीक्षण किया, जहां पर उन्हें विभिन्न विशेषज्ञों यथा गायनेकोलॉजिस्ट, एनेस्थेटिक व सर्जन सहित अन्य पदों को भरने व चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता करवाने के बारे में अवगत करवाया गया। इस दौरान विधायक समाराम गरासिया व अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
चिकित्सा मंत्री ने पुष्पांजलि अर्पित की—
ब्रह्माकुमारीज संस्थान की पूर्व मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी दादी जानकी की छठवीं पुण्य तिथि पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने शांतिवन में समाधि स्थल शक्ति स्तम्भ पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान विधायक समाराम गरासिया, डॉ. रक्षा भंडारी, सुरेश कोठारी सहित अन्य उपस्थित थे।
